September 30, 2026

Rajound News: राजौंद में आफत बनकर बरसी बारिश, शहर हुआ पानी-पानी, घरों और दुकानों में घुसा गंदा पानी

0
Rajound News: राजौंद में आफत बनकर बरसी बारिश, शहर हुआ पानी-पानी, घरों और दुकानों में घुसा गंदा पानी; जनजीवन ठप

राजौंद में आफत बनकर बरसी बारिश, शहर हुआ पानी-पानी, घरों और दुकानों में घुसा गंदा पानी

Rajound News: नरेश कुमार (राजौंद ) सोमवार तड़के से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने राजौंद कस्बे की रफ्तार पर पूरी तरह ब्रेक लगा दिया है। घंटों तक लगातार हुई झमाझम बारिश के चलते देखते ही देखते पूरा शहर जलमग्न हो गया, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। स्थिति इतनी विकट हो गई कि मुख्य मार्गों से लेकर नीचली बस्तियों की गलियों तक में 2 से 3 फीट तक पानी जमा हो गया। शहर के कई इलाकों में बरसाती पानी लोगों के घरों और दुकानों के भीतर तक दाखिल हो गया, जिससे भारी तबाही देखने को मिल रही है।

घरों से पानी निकालने में जुटे लोग, दुकानों में रखा माल हुआ खराब

पानी का बहाव इतना तेज था कि देखते ही देखते रिहायशी इलाकों में पानी कमरों तक पहुंच गया। सुबह उठते ही लोग बाल्टियों, बर्तनों और वाटर पंपों के सहारे घरों से पानी बाहर फेंकने की मशक्कत में जुट गए। कई परिवारों के घरेलू उपकरण, राशन और कीमती सामान पानी में डूबकर खराब हो गए।

वहीं मुख्य बाजार में स्थित दुकानों में पानी घुसने से दुकानदारों का हजारों रुपये का सामान भीग गया। बारिश के चलते बाजारों में पूरी तरह सन्नाटा छाया रहा और व्यापारी दिनभर नुकसान का आकलन करते नजर आए।

राहगीरों और स्कूली बच्चों की बढ़ी आफत: सड़कों पर हुए भारी जलभराव और जमा कीचड़ के कारण दोपहिया वाहन चालक फिसलते दिखे। सुबह-सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों और दफ्तरों का रुख करने वाले कर्मचारियों को घुटनों तक भरे गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। कई जगह वाहन बंद होने से लोगों को धक्का लगाना पड़ा।

प्रशासनिक दावों की निकली हवा, किसानों के माथे पर चिंता

शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण अंचलों में भी बारिश के बाद हालात चिंताजनक बने हुए हैं। नीचले खेतों में पानी जमा होने से किसानों की धड़कनें तेज हो गई हैं, उन्हें फसल डूबने का डर सता रहा है। स्थानीय ग्रामीणों में नगर पालिका और प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि मॉनसून सीजन से पहले हर साल नालों की सफाई के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन पहली ही मूसलाधार बारिश ने प्रशासनिक दावों की पूरी पोल खोलकर रख दी है। यदि समय रहते नालों की सही सफाई होती तो आज शहर को जलभराव का यह दंश न झेलना पड़ता।

यह भी पढ़ें– कैथल में हिट एंड रन का खौफनाक हादसा, बेकाबू कार ने जींद के किसान को रौंदा, मौके पर ही मौत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *