Yamunanagar Crime News: यमुनानगर के फतेहपुर में बुजुर्ग को बंधक बनाकर मुंह में ठूंसा कपड़ा, सगे भाइयों और भतीजों ने बेरहमी से पीटा
यमुनानगर के फतेहपुर में बुजुर्ग को बंधक बनाकर मुंह में ठूंसा कपड़ा
Yamunanagar Crime News: हरियाणा के यमुनानगर जिले में छप्पर थाना क्षेत्र के तहत आने वाले फतेहपुर गांव से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली वारदात सामने आई है। रास्ते के पुराने विवाद को लेकर सगे भाइयों और उनके बेटों ने मिलकर एक बुजुर्ग अमर सिंह पर हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने बुजुर्ग को रास्ते में रोककर उनके गले में परना डाला, जबरन घर में खींचकर बंधक बनाया और फिर मुंह में कपड़ा ठूंसकर लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की। इतना ही नहीं, बीच-बचाव के बजाय परिवार की महिलाओं पर घटना का वीडियो बनाने का आरोप भी लगा है।
तड़के चारे के लिए निकला था बुजुर्ग, रास्ते में बिछा रखा था जाल
पुलिस को दी गई शिकायत में फतेहपुर निवासी अमर सिंह ने बताया कि मंगलवार तड़के करीब 5:20 बजे वह अपनी भैंसों के लिए हरा चारा लेने खेत की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह रास्ते में पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठे उसके सगे भाई मामचंद और भतीजे शशि ने उसे जबरन रोक लिया। आरोप है कि शशि ने अमर सिंह के गले में परना डाल दिया, जिसके बाद उसके अन्य भतीजे जसपाल और जसवंत उसे घसीटते हुए जबरन अपने घर के अंदर ले गए। वहां आरोपियों ने उसे कमरे में बंद कर बंधक बना लिया और चिल्लाने से रोकने के लिए मुंह में कपड़ा ठूंस दिया।
आंख, नाक और सिर पर किए जानलेवा वार, गला दबाने का भी प्रयास
अमर सिंह का आरोप है कि कमरे में ले जाने के बाद भाइयों और भतीजों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। भाई मामचंद ने उसकी नाक पर सीधा मुक्का मारा, जसपाल ने आंख पर थप्पड़ रसीद किए, जबकि सुरजीत ने चेहरे पर जूतियों से वार किया। इस दौरान शशि ने कोहनी और सिर पर डंडे से ताबड़तोड़ वार किए। पीड़ित का कहना है कि मारपीट के दौरान मामचंद ने उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास भी किया। आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया ताकि वह किसी को मदद के लिए फोन न कर सके।
झूठे केस में फंसाने की धमकी और बनाई गई वीडियो
शिकायतकर्ता के मुताबिक, मारपीट के दौरान आरोपी लगातार धमकी दे रहे थे कि यदि उसने अपने मकान के बीच से उन्हें रास्ता नहीं दिया, तो उसे छेड़छाड़ के झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवा देंगे। इस पूरी वारदात के दौरान परिवार की दो महिलाएं मौके पर खड़ी होकर अपने मोबाइल फोन से पूरी घटना की वीडियो बनाती रहीं। बाद में मामले की भनक लगते ही छप्पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लहूलुहान अवस्था में बुजुर्ग को अपने साथ थाने ले आई, जहां उसका डॉक्टरी परीक्षण कराया गया।
छप्पर थाना प्रभारी का बयान: केस दर्ज, निष्पक्ष जांच जारी
मामले की पुष्टि करते हुए छप्पर थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि पीड़ित अमर सिंह की शिकायत के आधार पर उसके भाइयों मामचंद, सुरजीत और भतीजों जसपाल, शशिमोहन, जसवंत, जगमोहन व राजमोहन समेत अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक रास्ते को लेकर चल रही आपसी रंजिश का लग रहा है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें– जगाधरी बस अड्डे से डेढ़ साल के मासूम बेटे संग 25 वर्षीय महिला लापता, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
