Narnaul: बाजरा बेचने के लिए किसान घर बैठे ई-खरीद पोर्टल व ऐप से निर्धारित करें अपना शेड्यूल
Narnaul: उपायुक्त अनुपमा अंजली ने कहा कि हरियाणा सरकार ने इस बार खरीफ फसलों की खरीद को और अधिक सुचारु बनाने के लिए ई-खरीद पोर्टल और मोबाइल ऐप तैयार किया है।
अधिकारी इस ऐप को डाउनलोड करने के लिए किसानों को प्रोत्साहित करें। इसके माध्यम से किसान अपना शेड्यूल खुद बनाकर ला सकते हैं उन्हें मंडी में गेट पर इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
ये निर्देश उपायुक्त अनुपमा अंजली ने मंगलवार को अनाज मंडी नारनौल में अधिकारियों, आढ़तियों तथा ट्रांसपोर्टर की बैठक में दिए। इसके बाद उन्होंने अनाज मंडी का निरीक्षण किया।
डीसी ने मंडी में चल रही तैयारियों का जायजा लिया। उपायुक्त ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी फसल बेचने से पहले ई-खरीद हरियाणा मोबाइल ऐप डाउनलोड करें।
किसान ई-खरीद हरियाणा ऐप से गेट पास जनरेट करके ही फसल मंडी लाएं। नारनौल मंडी के गेट पर पहुंचकर गेट पास का क्यू आर कोड स्कैन करवाना होगा, जिससे लंबी कतारों में लगे बिना सीधा प्रवेश मिलेगा।
गेट पास जारी होने के बाद मंडी में बायोमीट्रिक सत्यापन करवाना अनिवार्य होगा, और इसके बाद ही ऑनलाइन नीलामी की प्रक्रिया शुरू होगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बाजरा लेकर आने वाले किसानों के वाहन की नंबर प्लेट पर नंबर अंकित होना जरूरी है। मंडी गेट पर ही किसान और वाहन की फोटो कैप्चर की जाएगी। फसल बिकने के बाद किसान ई-खरीद पोर्टल से अपना जे फार्म जरूर प्राप्त करें।
फसल का भुगतान तय समय पर सीधे किसान के बैंक खाते में पारदर्शी और सुरक्षित तरीके से होगा। पंजीकरण, भुगतान और अन्य अपडेट की जानकारी SMS से मिलेगी। किसी भी सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-180-2060 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनाज मंडी में किसानों के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किया जाए।
उपायुक्त ने किसानों से आह्वान किया कि वे अपनी फसल को अच्छी तरह सुखाकर और साफ-सुथरा करके ही मंडी में लेकर आएं, ताकि मंडी में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने आढ़तियों को निर्देश दिए कि वे अपने पास तिरपाल तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाएं हर हाल में सुनिश्चित रखें, ताकि बारिश या अन्य स्थिति में फसल को नुकसान से बचाया जा सके।
इसके साथ ही उन्होंने खरीद एजेंसियों को भी सख्त निर्देश दिए कि खरीदी गई फसल का उठान कार्य समय पर पूरा किया जाए, जिससे मंडी में जाम या भंडारण की समस्या उत्पन्न न हो और किसानों को भुगतान व अन्य प्रक्रियाओं में देरी न हो।
अनाज मंडी में किसानों-मजदूरों को 10 रुपये में भरपेट भोजन
अनाज मंडी के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त अनुपमा अंजली ने अटल श्रमिक किसान कैंटीन का भी जायजा लिया। उन्होंने यहां भोजन कर रहे किसानों और मजदूरों से सीधे बातचीत कर व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया।
सरकार की ओर से इस कैंटीन में मात्र 10 रुपये में भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है, ताकि मंडी में दिन-रात मेहनत करने वाले किसानों और मजदूरों को बाहर महंगे दामों पर खाना खाने को मजबूर न होना पड़े।
खास बात यह है कि यहां केवल सस्ता ही नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण भोजन परोसने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। यह पहल मुख्यमंत्री के निर्देशों पर शुरू की गई है, जिसका मकसद मेहनतकश तबके को राहत देना है।
यह भी देखें पेरिस फैशन वीक में छाया ऐश्वर्या राय का ‘रॉयल क्राउन लुक’, केंडल जेनर संग रैंप पर बिखेरा वही पुराना जादू
