Yamunanagar Crime News: यमुनानगर में खेत में पड़ा मिला 50 साल के व्यक्ति का शव, फटी जेब से निकले 50 हजार कैश
यमुनानगर में खेत में पड़ा मिला 50 साल के व्यक्ति का शव
Yamunanagar Crime News: यमुनानगर जिले के छछरौली थाना क्षेत्र में आने वाले जेधर गांव में बुधवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने श्मशान घाट के रास्ते पर स्थित एक खेत में लहूलुहान शव पड़ा देखा। लगभग 50 वर्ष की उम्र के इस व्यक्ति के सिर पर किसी भारी चीज से किए गए वार के गहरे जख्म हैं और चेहरा पूरी तरह खून से सना हुआ था। सूचना मिलते ही डायल 112 की गाड़ी और छछरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी।
फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना कर वहां से जैविक व भौतिक साक्ष्य जुटाए हैं। हालांकि, काफी मशक्कत के बाद भी अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों के साथ-साथ गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि मृतक की शिनाख्त की जा सके।
जेब से मिले 50 हजार रुपये, फटे कपड़े और गाड़ी के टायरों के निशान
मृतक की पहचान की कोशिश के दौरान जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसकी फटी हुई जेब से करीब 50 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई। ग्रामीणों और पुलिस ने मौके पर पाया कि मृतक सफेद रंग के कपड़ों में था, उसकी पेंट/पजामा खुला हुआ था। वारदात की जगह के पास किसी गाड़ी के टायरों के ताजे निशान भी दिखाई दिए हैं, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि आरोपी किसी वाहन से यहां पहुंचे थे।
घटना के चश्मदीद जेधर गांव निवासी मोहित ने बताया कि सुबह के वक्त जब गांव के कुछ लोग श्मशान घाट की तरफ टहलने निकले थे, तब खेत में पड़े सफेद कपड़ों में इस शख्स पर उनकी नजर पड़ी। जब पास जाकर देखा गया तो उसकी सांसें थम चुकी थीं। देखते ही देखते मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया।
मौके पर ही हत्या का अंदेशा, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल खुद पुलिस टीम के साथ मौके पर डटे रहे। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच और शव की हालत देखकर साफ लग रहा है कि व्यक्ति की हत्या इसी जगह पर की गई है। सिर पर जानलेवा हमले के साफ निशान हैं।
थाना प्रभारी के मुताबिक, जेब से नकद रुपये मिलने के कारण शुरुआती तौर पर लूटपाट की नीयत से हत्या की संभावना कम लग रही है, फिर भी पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। जेधर गांव और आसपास की सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना के समय वहां से गुजरने वाले संदिग्ध वाहनों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज, बारिश का दौर थमा, जानिए 5 अक्टूबर तक कैसा रहेगा तापमान
