Yamunanagar Drug Smuggler Arrested: दुर्गा गार्डन के पास घूम रहा था स्मैक तस्कर, पुलिस ने घेराबंदी कर 110 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा
दुर्गा गार्डन के पास घूम रहा था स्मैक तस्कर
Yamunanagar Drug Smuggler Arrested: यमुनानगर जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ कसते शिकंजे के बीच एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शहर की दुर्गा गार्डन कॉलोनी के पास जाल बिछाकर एक नशा तस्कर को दबोच लिया। आरोपी की तलाशी लेने पर उसकी जेब से 110 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन (Heroin Seized) बरामद की गई है। पकड़ा गया आरोपी इलाके में नशीले पदार्थों की खेप खपाने की फिराक में घूम रहा था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान दुर्गा गार्डन निवासी राकेश उर्फ कल्लू के रूप में हुई है। आरोपी इलाके का पुराना नशा तस्कर है, जिसके खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के कई आपराधिक मामले विभिन्न अदालतों में विचाराधीन हैं।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में ली गई तलाशी, जेब से मिली स्मैक
कार्रवाई की जानकारी देते हुए एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक दुर्गा गार्डन कॉलोनी के पास अवैध नशीला पदार्थ लेकर ग्राहक की तलाश में घूम रहा है। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक सतीश कुमार की अगुवाई में एएसआई कुलदीप, जसवीर सिंह, मोनू, रवि और मनजीत सिंह की विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर संदिध युवक को चारों तरफ से घेरकर काबू कर लिया। नियमनुसार पारदर्शी जांच प्रक्रिया अपनाते हुए मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर एईटीओ (AETO) महावीर बिश्नोई को बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में जब आरोपी की तलाशी ली गई, तो उसके पास से 110 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया आरोपी, सप्लाई चेन खंगालने में जुटी पुलिस
हेरोइन की बरामदगी के बाद पुलिस ने नशीला पदार्थ जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
सेल इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मुख्य रूप से इस बात की तफ्तीश में जुटी है कि यह स्मैक की खेप किस बड़े तस्कर से खरीदकर लाई गई थी और जिले में किन-किन फुटकर विक्रेताओं या युवाओं तक इसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस आरोपी के कॉल डिटेल और पुराने आपराधिक संपर्कों की भी बारीकी से जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।
यह भी पढ़ें– करनाल में 8 पिस्तौल और 20 कारतूस के साथ 3 गिरफ्तार, जांच में सामने आए विदेशी नंबरों के सुराग
