October 3, 2026

Narnaul : नारनौल के गोद गांव के लाल CRPF इंस्पेक्टर मनोज कुमार का श्रीनगर में ड्यूटी के दौरान निधन

0
Narnaul : नारनौल के गोद गांव के लाल CRPF इंस्पेक्टर मनोज कुमार का श्रीनगर में ड्यूटी के दौरान निधन

Narnaul : नारनौल के गोद गांव के लाल CRPF इंस्पेक्टर मनोज कुमार का श्रीनगर में ड्यूटी के दौरान निधन

Narnaul : हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोद गांव के लाल और देश की रक्षा में समर्पित CRPF इंस्पेक्टर जीडी मनोज कुमार का श्रीनगर में ड्यूटी के दौरान अचानक दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने से निधन हो गया।

 

 

वे सीआरपीएफ की 144वीं बटालियन में तैनात थे। उनके आकस्मिक निधन की खबर से उनके पैतृक गांव गोद सहित पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। शुक्रवार को राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां उनके 6 साल के मासूम बेटे ने उन्हें मुखाग्नि दी।

 

छुट्टी बिताकर लौटे थे ड्यूटी पर

परिजनों के अनुसार, कुछ समय पहले श्रीनगर में ड्यूटी के दौरान ही उनके बहनोई का हार्ट अटैक से निधन हो गया था। इस दुखद घड़ी में मनोज कुमार 5 दिन की छुट्टी लेकर अपने घर आए थे। अपनी छुट्टी पूरी करने के बाद वे गत 4 सितंबर को ही वापस श्रीनगर अपनी ड्यूटी पर लौटे थे। परिवार और रिश्तेदारों को क्या पता था कि उनका यह जाना अंतिम विदा साबित होगा।

 

Narnaul : नारनौल के गोद गांव के लाल CRPF इंस्पेक्टर मनोज कुमार का श्रीनगर में ड्यूटी के दौरान निधन
Narnaul : नारनौल के गोद गांव के लाल CRPF इंस्पेक्टर मनोज कुमार का श्रीनगर में ड्यूटी के दौरान निधन

मात्र 8 दिन बाद उनका जन्मदिन आने वाला था, जिसके जश्न और खुशियों की तैयारियां परिवार में चल रही थीं। लेकिन इस हृदयविदारक खबर ने परिवार की सारी खुशियों को मातम में बदल दिया।

 

सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

शुक्रवार को जब सीआरपीएफ के जवान तिरंगे में लिपटे उनका पार्थिव शरीर लेकर गांव पहुंचे, तो पूरा क्षेत्र गमगीन हो गया। गहली चौक से लेकर गांव गोद तक सैकड़ों युवाओं ने बाइकों पर तिरंगा यात्रा निकालकर अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी। रास्तेभर ‘भारत माता की जय’ के नारों के बीच ग्रामीणों ने पार्थिव देह पर पुष्प वर्षा की।

 

श्मशान घाट पर जब उनके मात्र छह साल के बेटे दीवित ने नम आंखों से पिता की चिता को मुखाग्नि दी, तो वहां मौजूद हर एक व्यक्ति की आंखें छलक उठीं। पत्नी सुमन, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

 

पीछे छोड़ गए पांच बच्चों की जिम्मेदारी

शहीद मनोज कुमार अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं, जिनमें उनकी पत्नी सुमन और पांच बच्चे शामिल हैं। उनकी सबसे बड़ी बेटी सिमरन (22) बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही हैं, बेटी महक (16) दसवीं कक्षा में, जुड़वां बेटियां तनिष्का और नुशंका पांचवीं कक्षा में, और सबसे छोटा बेटा दीवित (6) पहली कक्षा में पढ़ रहा है। वे बच्चों की उज्ज्वल भविष्य की उम्मीदों के साथ देश सेवा का कड़ा दायित्व निभा रहे थे।

 

 

बड़ी संख्या में पहुंचे जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग

अंतिम यात्रा और संस्कार में नारनौल के विधायक ओमप्रकाश, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दयाराम यादव, नायब तहसीलदार अर्जुन सिंह, गहली चौकी प्रभारी गोबिंद सिंह, पंचायत समिति वाइस चेयरमैन प्रतिनिधि प्रवीण यादव, नांगल चौधरी विधायक प्रतिनिधि संदीप चौधरी, सरपंच प्रतिनिधि हरिओम यादव समेत क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि और हजारों की संख्या में ग्रामीण व युवा उपस्थित रहे।

 

सभी ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और अमर शहीद मनोज कुमार को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

 

यह भी देखें –  मोहल्ला देवस्थान में गहराया पेयजल संकट, खाली बाल्टी लेकर सड़कों पर उतरीं महिलाएं, प्रशासन के खिलाफ फूटा गुस्सा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed