BSF Arms Recovery Amritsar Drug Bust : अमृतसर सीमा पर BSF का बड़ा एक्शन, ड्रोन से गिराई 5 पिस्तौल और 50 कारतूस बरामद
अमृतसर सीमा पर BSF का बड़ा एक्शन, ड्रोन से गिराई 5 पिस्तौल और 50 कारतूस बरामद
BSF Arms Recovery Amritsar Drug Bust : पंजाब के सीमावर्ती जिले अमृतसर में सुरक्षाबलों ने पाकिस्तानी तस्करों के नापाक मंसूबों को एक बार फिर ध्वस्त कर दिया है। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटी बीओपी फतेहपुर के पास बीएसएफ ने सर्च ऑपरेशन चलाकर खेतों से 5 पिस्तौल, 10 मैगजीन और 50 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। वहीं दूसरी तरफ, अमृतसर देहाती के थाना जंडियाला गुरु पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक कबड्डी खिलाड़ी समेत दो नशा व हथियार तस्करों को हथियारों, 500 ग्राम अफीम और 10 हजार रुपये की ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया है।
बीओपी फतेहपुर के खेतों में मिला हथियारों का जखीरा
बीएसएफ के जवानों को गुप्त सूचना मिली थी कि सीमा पार पाकिस्तान में बैठे तस्करों ने ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में हथियारों की बड़ी खेप गिराई है। सूचना मिलते ही बीओपी फतेहपुर में गश्त कर रहे जवानों ने इलाके की घेराबंदी की और सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।
गहन तलाशी अभियान के दौरान खेतों में छिपाकर रखी गई 5 पिस्तौल, 10 मैगजीन और 50 जिंदा कारतूसों की खेप बरामद हुई। हालांकि इस दौरान कोई भी तस्कर मौके पर हाथ नहीं आया। पुलिस ने अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन मूवमेंट की जांच शुरू कर दी है।
जंडियाला गुरु में पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी, बंद गली में घेरे गए
अमृतसर देहाती क्षेत्र के थाना जंडियाला गुरु के एसआई सतनाम सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। जब पुलिस की गाड़ी गहरी मंडी रेलवे फाटक रोड के पास पहुंची, तो वहां खड़े दो संदिग्ध युवक पुलिस की गाड़ी देखकर घबरा गए और पीछे मुड़कर तेजी से भागने लगे।
भागते समय आगे की गली बंद होने के कारण पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को मौके पर ही दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास मौजूद काले रंग के साइड बैग से एक 30 बोर की पिस्तौल, एक मैगजीन, 3 जिंदा कारतूस, 500 ग्राम अफीम, एक आईफोन और 10 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई।
पकड़ा गया कबड्डी खिलाड़ी, गुरदासपुर व तरनतारन से जुड़े तार
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिमरबीर सिंह उर्फ सफी कबड्डी वाला (निवासी गांव चक करे खां, थाना वैरोवाल, जिला तरनतारन) और गगनदीप सिंह उर्फ गंगी (निवासी गांव सकार माछियां, थाना कोटली सूरत मल्ली, जिला गुरदासपुर, हाल निवासी गोइंदवाल साहिब) के रूप में हुई है।
शुरुआती तफ्तीश में सामने आया है कि आरोपी राज्य के अलग-अलग जिलों में अवैध हथियारों और नशे की सप्लाई से जुड़े थे। पुलिस अब दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि सीमा पार या स्थानीय आपराधिक गिरोहों से जुड़े इनके पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
