Ambala Cantt Generator Theft: राम बाजार में कटर से जनरेटर काटकर ले गया चोर, CCTV में कैद हुआ वारदात
राम बाजार में कटर से जनरेटर काटकर ले गया चोर
Ambala Cantt Generator Theft: हरियाणा के अंबाला छावनी के सबसे व्यस्त व्यापारिक इलाकों में शुमार ‘राम बाजार’ में चोरी का एक अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। रविवार तड़के एक बेखौफ चोर ने दुकान के बाहर रखे जनरेटर को कटर से काटकर उसका कीमती डायनमो और अन्य स्पेयर पार्ट्स पार कर दिए। चोर ने वारदात को अंजाम देने से पहले न केवल इलाके की रेकी की, बल्कि यह सुनिश्चित करने के लिए कि कोई आसपास तो नहीं है, पत्थर फेंककर माहौल भी भांपा। शातिर चोर की यह पूरी करतूत पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
पहले फेंका पत्थर, फिर बैग से निकाले औजार और कटर
सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ है कि आरोपी तड़के एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर राम बाजार पहुंचा था। उसने सबसे पहले बाइक थोड़ी दूरी पर खड़ी की और हाथ में एक बैग लेकर जनरेटर के पास आया। आसपास सन्नाटा देखकर उसने अपनी तसल्ली के लिए पास पड़ा एक भारी पत्थर उठाकर गली की दूसरी तरफ फेंका, ताकि यह पता चल सके कि कोई जाग तो नहीं रहा। जब कोई आहट नहीं हुई, तो आरोपी कुछ देर बाद वापस लौटा और जनरेटर पर ढकी पन्नी को हटा दिया। इसके बाद उसने बैग से औजार निकालकर जनरेटर के नट-बोल्ट खोलने शुरू कर दिए।
काफी देर की मशक्कत, फिर बाइक पर सामान लादकर हुआ रफूचक्कर
नट-बोल्ट ढीले करने के बाद भी जब जनरेटर का अंदरूनी हिस्सा बाहर नहीं निकला, तो आरोपी ने अपने बैग से कटर निकाला और जनरेटर के बीच वाले हिस्से को काटना शुरू कर दिया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी ने जनरेटर के पीछे लगा भारी-भरकम डायनमो काटकर अलग कर लिया। इसके बाद वह चुपचाप अपनी हीरो स्प्लेंडर बाइक लेकर आया, चोरी किया गया कीमती सामान बाइक पर लादा और बड़े आराम से मौके से फरार हो गया। सुबह जब दुकान मालिक अपनी दुकान पर पहुंचा तो जनरेटर के नट-बोल्ट बिखरे और डायनमो गायब देखकर उसके होश उड़ गए।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, पुलिस खंगाल रही बाइक का नंबर
व्यापारियों ने जब आसपास के सीसीटीवी खंगाले तो चोरी का यह अनोखा तरीका देखकर दंग रह गए। घटना की सूचना तुरंत अंबाला छावनी थाना पुलिस को दी गई। दुकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में दिख रही बाइक के नंबर और आरोपी के चेहरे की स्पष्टता के आधार पर उसकी पहचान की जा रही है। शहर के कबाड़ियों और संदिग्धों से भी पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी चोर को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें– यमुनानगर में पश्चिमी यमुना नहर से मिला सहारनपुर की 16 वर्षीय छात्रा का शव, बहन को कही थी आखिरी बात
