Ambala Chain Snatching: त्योहारों के उल्लास और रोशनी के बीच अंबाला सिटी के सेक्टर-9 से एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। करवा चौथ के पावन पर्व पर जहां सुहागिनें अपने पतियों की लंबी उम्र की प्रार्थना कर रही थीं, वहीं शातिर बदमाशों ने एक महिला को निशाना बनाते हुए उसके गले से सोने की चेन झपट ली। हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात के वक्त महिला के हाथ में पूजा की थाली थी, जो झपट्टा लगते ही जमीन पर बिखर गई।
दिनदहाड़े और त्योहारी सीजन के बीच हुई इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना का 14 सेकंड का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से तैर रहा है, जिसमें बदमाश बड़ी बेखौफ अंदाज में इस वारदात को अंजाम देते दिख रहे हैं।
कथा सुनकर लौट रही थी महिला, घर के बाहर घात लगाए बैठे थे बदमाश
पुलिस को दी गई शिकायत में सेक्टर-9 निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि करवा चौथ के मौके पर उनकी पत्नी पड़ोस में कथा सुनने के लिए गई थीं। कथा समाप्त होने के बाद जब वह अन्य महिलाओं के साथ अपने घर के बाहर पहुंचीं, तो वहां पहले से ही घात लगाए बैठे बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें घेर लिया।
शिकायत के मुताबिक, स्पलेंडर बाइक पर सवार दोनों बदमाशों ने शातिरपना दिखाते हुए अपनी पहचान छुपाने की पूरी कोशिश की थी। बाइक चलाने वाले शख्स ने सिर पर हेलमेट पहन रखा था, जबकि पीछे बैठे बदमाश ने सफेद टी-शर्ट पहनी थी और अपने चेहरे को किसी कपड़े से अच्छी तरह ढंक रखा था। जैसे ही वे महिला के करीब पहुंचे, पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने कीमती चेन और लॉकेट खींच लिया। पीड़ित परिवार के अनुसार छीनी गई चेन और लॉकेट की बाजार में कीमत करीब 80 हजार रुपए है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई खौफनाक वारदात, रेकी करते भी नजर आए आरोपी
इस मामले में पुलिस के हाथ कई अहम डिजिटल सुराग लगे हैं। इलाके के अलग-अलग सीसीटीवी कैमरों से तीन अलग-अलग फुटेज सामने आए हैं, जो इस वारदात की परतें खोल रहे हैं:
14 सेकंड का लाइव वीडियो: इस फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि तीन महिलाएं घर के बाहर खड़ी हैं और दो के हाथों में पूजा की थाली है। अचानक स्पलेंडर बाइक पर दो युवक आते हैं और पलक झपकते ही चेन तोड़ लेते हैं। झटके से महिला के हाथ से थाली नीचे गिर जाती है और बदमाश हवा से बातें करते हुए फरार हो जाते हैं।
आते-जाते दिखने के फुटेज: दूसरे फुटेज में कथा के बाद महिलाओं की आवाजाही और वारदात के तुरंत बाद आरोपियों की बाइक गुजरती हुई नजर आ रही है।
वारदात से पहले की रेकी: तीसरे फुटेज को घटना से चंद मिनट पहले का बताया जा रहा है, जिसमें यही दोनों युवक उसी गली में से गुजरते दिख रहे हैं। पुलिस इसे साफ तौर पर वारदात से पहले की गई ‘रेकी’ मानकर चल रही है।
सेक्टर-9 थाना पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपियों की तलाश तेज
दिनदहाड़े हुई इस स्नैचिंग की घटना के बाद सेक्टर-9 थाना पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने पीड़िता के पति की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304 के तहत अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों के रूट को ट्रेस किया जा रहा है। आसपास के रास्तों पर लगे अन्य कैमरों को भी खंगाला जा रहा है ताकि बदमाशों के बाइक नंबर और उनके भागने की दिशा का पुख्ता सुराग मिल सके। त्योहार के दिन हुई इस वारदात ने पुलिस गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोलकर रख दी है।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि की आहट, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, जानिए अपने जिले का हाल

