September 26, 2026

Ambala Jeweller Arrested: अंबाला में चोरी के लाखों के डायमंड-गोल्ड जेवरात खरीदने वाला ज्वेलर गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर आरोपी

0
Ambala Jeweller Arrested: अंबाला में चोरी के लाखों के डायमंड-गोल्ड जेवरात खरीदने वाला ज्वेलर गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर आरोपी

अंबाला में चोरी के लाखों के डायमंड-गोल्ड जेवरात खरीदने वाला ज्वेलर गिरफ्तार

Ambala Jeweller Arrested: अंबाला सदर थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने चोरी के लाखों रुपये मूल्य के सोने और डायमंड के जेवरात खरीदने के मामले में अंबाला छावनी के एक नामी सर्राफा कारोबारी को धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी श्रीकुंज बिहारी ज्वेलर्स का मालिक करण है, जिसके कब्जे से पुलिस ने करीब 15 से 20 लाख रुपये के चोरी के आभूषण बरामद कर लिए हैं। इस हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले में पुलिस पहले ही दो मुख्य आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर चुकी है।

9 सितंबर को माल रोड पर हुई थी वारदात

अंबाला कैंट सदर थाना प्रभारी (SHO) धर्मवीर सैनी ने वारदात की जानकारी देते हुए बताया कि तोपखाना माल रोड निवासी नरेश कुमार के मकान में बीती 9 सितंबर को चोरों ने धावा बोला था। बेखौफ चोर अलमारी का ताला तोड़कर अंदर रखे करीब 15 से 20 लाख रुपये के गहने और नकदी लेकर रफूचक्कर हो गए थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर पड़ताल शुरू की और मुस्तैदी दिखाते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को काबू कर लिया।

सस्ते दामों में खरीदा था चोरी का माल

पुलिस हिरासत में हुई कड़ाई से पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कबूला कि उन्होंने वारदात को अंजाम देने के बाद पूरा माल अंबाला छावनी स्थित श्रीकुंज बिहारी ज्वेलर्स के मालिक करण को बेच दिया था। ज्वेलर्स ने औने-पौने दामों में चोरी का यह माल खरीदा था, जिसमें एक कीमती डायमंड हार, दो सोने की अंगूठियां और एक डायमंड ब्रेसलेट समेत अन्य आभूषण शामिल थे।

अदालत में पेश कर हासिल किया रिमांड

निशानेदेही और पुख्ता सबूतों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ज्वेलर करण को गिरफ्तार कर लिया और चोरी का माल बरामद कर लिया। आरोपी के खिलाफ चोरी की जायदाद खरीदने (IPC 411) के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने उसका रिमांड हासिल किया है। थाना प्रभारी का कहना है कि रिमांड के दौरान पूछताछ कर बाकी बचे सोने-चांदी के सामान और नकदी की भी बरामदगी की जाएगी।

कबाड़ियों और सुनारों को SHO की दो टूक

इस दौरान SHO धर्मवीर सैनी ने क्षेत्र के अन्य ज्वेलर्स और कबाड़ियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी कि यदि किसी ने भी भविष्य में चोरी का सामान खरीदने या खपाने की कोशिश की, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ऐसे तत्वों के खिलाफ कानूनी शिकंजा और सख्त करेगी।

यह भी पढ़ें– अंबाला के कालका चौक पर भीषण हादसा, गुड़गांव से जालंधर जा रही प्राइवेट बस दुर्घटनाग्रस्त, कंडक्टर की मौत, कई यात्री घायल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed