Ambala News: अंबाला में बाप-बेटी का रिश्ता तार-तार, शराबी पिता ने नाबालिग बेटी से की दुष्कर्म की कोशिश, गिरफ्तार

अंबाला में बाप-बेटी का रिश्ता तार-तार, शराबी पिता ने नाबालिग बेटी से की दुष्कर्म की कोशिश
Ambala News: अंबाला में मानवता को शर्मसार कर देने वाली यह घटना पंजोखरा थाना इलाके से सामने आई है। पीड़िता की मां एक स्थानीय अस्पताल में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत है और वारदात के वक्त वह अपनी नाइट ड्यूटी पर गई हुई थी। घर में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग बेटी अपने छोटे भाई के साथ अकेली थी। आरोप है कि देर रात आरोपी पिता अत्यधिक शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और उसने साज़िश के तहत छोटे बेटे को किसी काम के बहाने बाहर भेज दिया।
छोटे भाई ने देखी पिता की करतूत, फिर मचा बवाल
अकेलेपन का फायदा उठाकर आरोपी ने अपनी ही बेटी को दबोच लिया और उसके साथ जबरदस्ती करने लगा। इसी दौरान जब छोटा भाई अचानक घर वापस लौटा, तो उसने पिता की इस शर्मनाक करतूत को देख लिया। भाई ने तुरंत अपनी बहन को पिता के चंगुल से छुड़ाने का प्रयास किया और दोनों बच्चों ने मिलकर कड़ा विरोध जताया।
बौखलाए पिता ने दांतों से काटा, पुलिस ने भेजा जेल
बच्चों के तीखे विरोध से बौखलाए आरोपी पिता ने दरिंदगी की सारी हदें पार करते हुए अपनी बेटी को शरीर पर कई जगह दांतों से काटकर लहूलुहान कर दिया। बच्चों का शोर सुनकर आसपास के पड़ोसी सतर्क हो गए और उन्होंने तुरंत पीड़िता की मां को फोन कर वारदात की सूचना दी। मां की शिकायत के बाद पंजोखरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पॉक्सो (POCSO) एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद आरोपी पिता को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें– कैथल में चाइनीज डोर का खौफनाक तांडव, बाइक सवार की गर्दन पर लगे 4 टांके, बाल-बाल बची जान
