Ambala Police action: अंबाला शहर की बदनाम और बेहद संवेदनशील मानी जाने वाली डेहा कॉलोनी में पनप रहे नशा तस्करी और आपराधिक नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए अंबाला पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। इलाके में संदिग्ध आवाजाही और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के मकसद से पुलिस चौकी नंबर-4 की टीम ने विशेष चेकिंग और गश्त अभियान चलाया हुआ है। इस अभियान के तहत बीते एक महीने के भीतर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 52 दोपहिया वाहनों को इंपाउंड किया है। जब्ती की इस कार्रवाई से संदिग्धों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है।
बिना नंबर प्लेट और पंजाब नंबर गाड़ियों की भरमार
इंपाउंड किए गए वाहनों की जब पुलिस ने पड़ताल शुरू की तो चौंकाने वाली जानकारियां सामने आईं। जब्त कुल वाहनों में से लगभग 50 फीसदी दोपहिया बिना नंबर प्लेट के सड़क पर दौड़ाए जा रहे थे, जबकि 40 फीसदी गाड़ियों पर पड़ोसी राज्य पंजाब के रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज थे। पुलिस सत्यापन के दौरान अब तक 4 मोटरसाइकिलें चोरी की पाई जा चुकी हैं, जबकि बाकी वाहनों के कागजात और मालिकाना हक की बारीकी से जांच चल रही है। कई दोपहिया वाहनों के साइलेंसर तक गायब मिले। चेकिंग के दौरान नियमों की अनदेखी करने पर एक बाइक का 21 हजार रुपये का भारी-भरकम चालान भी काटा गया।
अवैध संपत्तियों और सीलिंग पर कसता शिकंजा
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस चौकी नंबर-4 के इंचार्ज एएसआई जयपाल ने बताया कि डेहा कॉलोनी में पैदल गश्त बढ़ाकर संदिग्ध लोगों और वाहनों की लगातार जांच की जा रही है। गौरतलब है कि यह इलाका नशीले पदार्थों की बिक्री के लिए लंबे समय से पुलिस के रडार पर है। इससे पहले भी नशा तस्करी से काली कमाई कर बनाई गई अवैध संपत्तियों पर नकेल कसते हुए प्रशासन ने हाल ही में करीब 12 मकानों को सील करने की बड़ी कार्रवाई की थी।
सप्लाई चेन तोड़ने पर पुलिस का फोकस
अंबाला के पुलिस अधीक्षक (SP) अजीत सिंह शेखावत के कड़े निर्देशों के बाद पूरे जिले में नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। आंकड़ों के मुताबिक, इस साल जनवरी से लेकर अब तक केवल चिट्टा (हेरोइन) तस्करी के मामलों में ही 250 से ज्यादा आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है। पुलिस का मुख्य लक्ष्य नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन को पूरी तरह से ध्वस्त करना है। चौकी इंचार्ज ने आम जनता से भी अपील की है कि अगर उनके आसपास कोई भी संदिग्ध गतिविधि या नशा तस्करी दिखाई दे, तो वे तुरंत हेल्पलाइन नंबर 9729990112 पर पुलिस को सूचित करें।
यह भी देखें – अंबाला में 6.42 लाख की साइबर ठगी का खुलासा, यूपी से गिरफ्तार हुए दो शातिर आरोपी

