Ambala Road Accident: धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के लाडवा से एक ऐसा परिवार जिसकी किस्मत ने एक बार फिर खौफनाक सितम ढाया है, हर किसी की आंखें नम कर गया है। लाडवा के वार्ड-9 स्थित सैनी मोहल्ला निवासी किरण बाला और उनके बेटे कृष्ण धीमान उर्फ केडी सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए। अंबाला में हुई इस दुर्घटना में मां-बेटे दोनों की जान चली गई। एक ही घर से एक साथ दो अर्थियां उठने पर पूरे इलाके में मातम पसर गया है और हर कोई इस परिवार के दुख से स्तब्ध है।
खरड़ से सत्संग में शामिल होकर लौट रहे थे मां-बेटे
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, किरण बाला और उनके बेटे कृष्ण 18 अक्टूबर को मोहाली के खरड़ में रहने वाले अपने मामा कर्मचंद के घर गए थे। वे वहां एक धार्मिक सत्संग में शामिल होने पहुंचे थे और रात को वहीं रुके थे। सोमवार सुबह दोनों अपनी एक्टिवा पर सवार होकर वापस लाडवा के लिए रवाना हुए। एक्टिवा कृष्ण चला रहे थे, जबकि उनके मामा कर्मचंद अपनी अलग एक्टिवा पर कुछ ही दूरी पर पीछे आ रहे थे।
अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ली दोनों की जान
जब वे मोहड़ा-शाहा रोड पर चेतन्या स्कूल के सामने पहुंचे, तो सामने से आ रही एक तेज रफ्तार और गलत दिशा में चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। चश्मदीदों के अनुसार टक्कर इतनी भयानक थी कि कृष्ण की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ ही दूरी पर पीछे आ रहे मामा कर्मचंद जब तक घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक सब कुछ उजड़ चुका था। कर्मचंद शाहपुर डांगरी पुल के पास कुछ पलों के लिए रुके थे, जिससे उनकी बहन और भांजा आगे निकल गए थे। उन्होंने ही राहगीरों की मदद से घायल किरण बाला को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बेजुबानों के मसीहा थे कृष्ण, परिवार में अब सिर्फ बची है बेटी
मृतक कृष्ण धीमान लाडवा के सर्राफा बाजार में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाते थे। स्थानीय लोग उन्हें केवल एक व्यवसाई के रूप में नहीं, बल्कि मूक प्राणियों के प्रति उनके प्रेम के लिए भी याद करते हैं। कृष्ण ने अपने घर पर कई श्वान पाल रखे थे और इलाके के बेसहारा कुत्तों की नियमित रूप से देखभाल व फीडिंग करते थे। उनकी अचानक मौत से उनके दोस्तों और परिचितों में गहरा सदमा है। इस परिवार पर दुखों का यह पहाड़ कोई नया नहीं है; करीब 25 साल पहले भी एक सड़क हादसे में किरण बाला ने अपने पति और दो बेटियों को खो दिया था। तब से लेकर अब तक उन्होंने बेहद संघर्ष के साथ परिवार को पाला था, लेकिन इस नए हादसे ने घर की बची-खुची उम्मीदें भी छीन लीं और अब परिवार में केवल बेटी आरती अकेली रह गई है।
पुलिस कार्रवाई और फरार चालक की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही थाना पड़ाव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए फरार वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है, जिसके बाद गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
यह भी देखें – हरियाणा में उत्तर-पश्चिमी हवाओं का असर, जानिए किन जिलों में बढ़ी रात की ठंड

