Amit Shah Ambala Rally: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की 5 नवंबर को अंबाला कैंट के गांधी मैदान में होने वाली विशाल रैली को देखते हुए जिला पुलिस और ट्रैफिक महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड़ पर आ गया है। रैली के दौरान शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर रखने और आम लोगों को जाम की झंझट से बचाने के लिए अंबाला पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। कार्यक्रम के दौरान अंबाला-यमुनानगर मुख्य मार्ग के एक खास हिस्से पर आम वाहनों की एंट्री पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है।
जनता चौक से गीता गोपाल चौक तक नो-व्हीकल जोन, एम्बुलेंस को मिलेगी छूट
पुलिस प्रशासन द्वारा जारी आदेशों के मुताबिक, रैली वाले दिन अंबाला कैंट के जनता चौक से लेकर गीता गोपाल चौक तक किसी भी सामान्य वाहन को गुजरने की इजाजत नहीं होगी। इस पूरे पैच को सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिहाज से संवेदनशील घोषित किया गया है। हालांकि, आम जनता की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन सेवाओं को इस बंदिश से बाहर रखा गया है। मरीज को ले जा रही एम्बुलेंस और दमकल की गाड़ियों जैसे जरूरी वाहनों को इस मार्ग से बिना रोक-टोक गुजरने की विशेष अनुमति रहेगी।
यमुनानगर आने-जाने वालों के लिए 3-3 वैकल्पिक रूट, डायल 112 पर मिलेगी मदद
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस ने अंबाला से यमुनानगर जाने वाले और यमुनानगर की ओर से अंबाला प्रवेश करने वाले वाहन चालकों के लिए तीन-तीन वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था की है। पुलिस अधिकारियों ने साफ किया है कि रैली में आने वाले समर्थकों को अपने वाहन सिर्फ तय की गई पार्किंग में ही खड़े करने होंगे। सड़क पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। किसी भी तरह की सड़क असुविधा या इमरजेंसी की स्थिति में यात्री तुरंत हेल्पलाइन नंबर डायल 112 पर संपर्क साध सकते हैं।
यह भी पढ़ें– हरियाणा के 5 जिलों में हवा ‘बेहद खराब’, 18 डिग्री तक बदला दिन-रात का तापमान


