Ambala News: अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। प्लेटफॉर्म नंबर-3 से रवाना हो रही मालवा एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश में एक यात्री का पैर फिसल गया। यात्री चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच बने पतले गैप में जा गिरा और करीब 15 मीटर तक घिसटता चला गया। गनीमत यह रही कि प्लेटफॉर्म पर मुस्तैद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों ने बिना एक पल गंवाए जान पर खेलकर युवक को बाहर खींच लिया और उसकी जिंदगी बचा ली।
15 मीटर तक घिसटता रहा यात्री, जवान ने गार्ड को सूचना देकर रुकवाई ट्रेन
स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद यह घटना मंगलवार शाम करीब 5 बजे की है। सफेद शर्ट पहने और पीठ पर बैग टांगे एक युवक चलती मालवा एक्सप्रेस के डिब्बे में चढ़ने के लिए भागा। जैसे ही उसने दरवाजे के पायदान पर कदम रखा, उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए दोनों हाथों से दरवाजे का हैंडल कसकर पकड़े रखा, जिसके कारण उसका आधा शरीर प्लेटफॉर्म पर घिसटता रहा और निचला हिस्सा ट्रेन-प्लेटफॉर्म के बीच लटक गया। चीख-पुकार मचते ही RPF कांस्टेबल अमित यादव और अमित फोगाट ने तुरंत दौड़ लगा दी। अमित यादव ने पलक झपकते ही गार्ड को अलर्ट मैसेज देकर ट्रेन को रुकवाया।
मामूली चोट के साथ सुरक्षित बचा युवक, RPF ने मोबाइल ढूंढकर मालवा एक्सप्रेस से ही किया रवाना
ट्रेन रुकते ही RPF जवानों और स्थानीय यात्रियों ने मिलकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के दौरान युवक का मोबाइल फोन प्लेटफॉर्म पर गिर गया था, जिसे RPF जवानों ने खोजकर उसे वापस सौंपा। कांस्टेबल अमित यादव के मुताबिक, किस्मत अच्छी थी कि युवक को कोई गंभीर अंदरूनी चोट नहीं आई। स्टेशन पर ही उसे प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उसे उसी मालवा एक्सप्रेस में बैठाकर उसकी मंजिल के लिए रवाना कर दिया गया। रेलवे प्रशासन ने एक बार फिर यात्रियों से अपील की है कि वे चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का जानलेवा जोखिम बिल्कुल न उठाएं।
यह भी पढ़ें– सावधान! 5 नवंबर को अंबाला-यमुनानगर मार्ग रहेगा बंद


