Amit Shah Ambala Visit Martyr Memorial: देश के गृह मंत्री अमित शाह के 5 नवंबर को प्रस्तावित अंबाला दौरे को लेकर शहर में प्रशासनिक और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री यहां 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम को समर्पित ‘आजादी की पहली लड़ाई का शहीद स्मारक’ राष्ट्र को समर्पित करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह विशेष विमान से अंबाला एयरफोर्स स्टेशन उतरेंगे और वहां से सीधे शहीद स्मारक पहुंचकर दोपहर करीब 2 बजे उसका लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे गांधी मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
4.5 एकड़ में बना पंडाल, 50 हजार लोगों के लिए खाने के पैकेट तैयार
गांधी मैदान में होने वाली इस ऐतिहासिक रैली के लिए पिछले 6 दिनों से भव्य पंडाल खड़ा करने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। करीब 4.5 एकड़ क्षेत्र में फैले इस पंडाल में 30 हजार से अधिक कुर्सियां लगाई गई हैं। हालांकि, आयोजकों और भाजपा नेताओं का अनुमान है कि जनसभा में 50 हजार से ज्यादा लोग उमड़ सकते हैं। इसी भीड़ के मद्देनजर कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर न्योता दिया जा रहा है, वहीं रैली में आने वाले लोगों के लिए करीब 50 हजार फूड पैकेट्स का इंतजाम भी किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, पूरे समारोह और व्यवस्थाओं पर करीब 2 करोड़ 90 लाख रुपये का बजट खर्च किया जा रहा है।
छावनी में तब्दील हुआ शहर, 500 जवान और डॉग स्क्वायड संभालेगा कमान
वीवीआईपी दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था ऐसी बनाई गई है कि पूरा शहर सुरक्षा छावनी नजर आ रहा है। हरियाणा के विभिन्न जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल अंबाला बुलाया गया है। सिर्फ गांधी मैदान में ही 500 से ज्यादा जवानों की तैनाती की गई है, जिनमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। प्रवेश द्वारों पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) लगाए गए हैं और हर व्यक्ति की गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता स्मारक और रैली स्थल के आसपास के 10 किलोमीटर के इलाके में लगातार सर्च अभियान चला रहा है।
रैली स्थल और चौराहों पर कड़ी निगरानी, ट्रैफिक व्यवस्था भी चाक-चौबंद
अमित शाह के आवागमन वाले रूट से लेकर शहर के प्रमुख चौराहों तक हरियाणा पुलिस के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। 5 नवंबर को होने वाले इस विशाल कार्यक्रम में किसी तरह का व्यवधान या जाम न लगे, इसके लिए एक दिन पहले से ही ट्रैफिक पुलिस ने कमान संभाल ली है। गांधी मैदान और एयरफोर्स स्टेशन के आसपास के इलाकों पर खुफिया एजेंसियां भी पैनी नजर बनाए हुए हैं।
यह भी पढ़ें– सावधान! 5 नवंबर को अंबाला-यमुनानगर मार्ग रहेगा बंद, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, जानें बंद और वैकल्पिक रूट


