Amit Shah Karnal Visit Traffic Advisory: मुनीश मुंडे, करनाल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 5 नवंबर को प्रस्तावित करनाल दौरे को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। वीवीआईपी सुरक्षा के तय मानकों के तहत करनाल शहर के 6 प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। आम जनता को किसी तरह की असुविधा न हो और यातायात व्यवस्था पटरी पर बनी रहे, इसके लिए करनाल पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान और एडवाइजरी जारी की है।
7 SP और 16 DSP की अगुआई में 10 पुलिस कंपनियां संभालेंगी सुरक्षा की कमान
सुरक्षा व्यवस्था में कोई कोर-कसर न रह जाए, इसके लिए पुलिस महानिरीक्षक (IG) करनाल मंडल अश्विन शेन्वी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गृह मंत्री के कारकेड रूट और जनसभा स्थल की बारीकी से पड़ताल की। दौरे के दौरान सुरक्षा की कमान 7 पुलिस अधीक्षकों (SP) और 16 DSP के हाथों में होगी। इसके अलावा 10 विशेष पुलिस कंपनियां और करनाल जिला पुलिस का पूरा अमला शहर के चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगा। IG शेन्वी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पार्किंग, रूट मैनेजमेंट और आपातकालीन व्यवस्था में किसी भी स्तर पर कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एम्बुलेंस और मरीजों के लिए खुला रहेगा रास्ता, मेडिकल कॉलेज के बने अलग रूट
अमित शाह की रैली के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं पर कोई असर न पड़े, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने कल्पना चावला शासकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचने वाले मरीजों और एम्बुलेंस के लिए विशेष कॉरिडोर तय किया है:
असंध, निसिंग और कैथल रूट: इस दिशा से आने वाली एम्बुलेंस और मरीज कमेटी चौक, पुराना बस स्टैंड, दयाल सिंह कॉलेज और विर्क अस्पताल होते हुए मेडिकल कॉलेज के मुख्य गेट तक सीधे पहुंच सकेंगे।
इंद्री, कुंजपुरा और कुरुक्षेत्र रूट: इन इलाकों से आने वाले आपातकालीन वाहनों को ITI चौक और NDRI चौक के रास्ते मेडिकल कॉलेज के पिछले गेट से प्रवेश दिया जाएगा।
मेरठ रोड, घरौंडा और GT रोड रूट: मेरठ रोड, ताऊ देवी लाल चौक, सेक्टर-5, नमस्ते चौक की तरफ से आने वाले वाहन सेक्टर-13/14 कट, पुरानी सब्जी मंडी और दयाल सिंह कॉलेज होकर अस्पताल पहुंच सकते हैं।
कॉलोनी निवासियों के लिए वैकल्पिक मार्ग, SP करन गोयल की लोगों से अपील
वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान स्थानीय निवासियों की सहूलियत का ध्यान रखते हुए NDRI परिसर के लोगों के लिए गेट नंबर 5, 6 और 7 से आवाजाही की छूट दी गई है। वहीं न्यायपुरी, शक्ति कॉलोनी और सुभाष कॉलोनी के लोग पुरानी सब्जी मंडी और कमेटी चौक के रास्ते सेक्टर-13/14 जीटी रोड की ओर निकल सकेंगे। करनाल के SP करन गोयल ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे 5 नवंबर को यात्रा पर निकलने से पहले पुलिस द्वारा जारी डायवर्जन प्लान को जरूर देख लें और गैर-जरूरी यात्रा से बचें, ताकि शहर में जाम की स्थिति न बने।
यह भी पढ़ें– हरियाणा के 5 जिलों में हवा ‘बेहद खराब’, 18 डिग्री तक बदला दिन-रात का तापमान


