Amritsar drug seizure : पंजाब पुलिस का नशा तस्करों के खिलाफ शिकंजा कसने का अभियान लगातार रंग ला रहा है। राज्य को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के तहत काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर की टीम ने सीमा पार से संचालित हो रहे एक बड़े ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश किया है।
पुलिस ने इस गिरोह के मुख्य सरगना को दबोचते हुए उसके पास से 10 किलो हेरोइन बरामद की है। इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव ने बताया कि कानून प्रवर्तन एजेंसियां सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय तस्करों पर पूरी पैनी नजर रखे हुए हैं।
ड्रोन के जरिए मंगाई गई थी हेरोइन की खेप
महज दो दिन पहले ही सीआई अमृतसर ने इसी तरह के एक अन्य तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनके पास से 27 किलो हेरोइन और विदेशी हथियार बरामद हुए थे। ताजा मामले में पकड़े गए मुख्य आरोपी की पहचान सहजप्रीत सिंह के रूप में हुई है, जो अमृतसर के गांव जठौल का रहने वाला है।
खुफिया तंत्र से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला था कि सहजप्रीत ने अपने घर के पास ही ड्रोन के माध्यम से अवैध हेरोइन की भारी-भरकम खेप रिसीव की है और वह इसे ठिकाने लगाने की फिराक में है।
विदेशी हैंडलर से जुड़े हैं तार, तलाश जारी
सूचना मिलते ही हरकत में आई काउंटर इंटेलिजेंस की टीमों ने तुरंत संदिग्ध के ठिकाने पर दबिश दी और घर की तलाशी के दौरान 10 किलो हेरोइन बरामद कर ली। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह आरोपी सीधे तौर पर विदेश में बैठे किसी ड्रग तस्कर के संपर्क में था और उसके निर्देशों पर ही काम कर रहा था।
डीजीपी गौरव यादव ने स्पष्ट किया कि इस नेटवर्क के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स को खंगाला जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस खेल में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, ताकि इस पूरे अवैध नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जा सके।
Punjab Red Cross ने नेपाल बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री भेजी


