Nangal Chaudhary News: (विजय यादव) नगर पालिका नांगल चौधरी के वार्ड नंबर 7 में शमशान घाट के पास सीवर लाइन ओवरफ्लो होने से स्थानीय लोगों और राहगीरों की परेशानी बढ़ गई है। सीवर का गंदा पानी रास्ते में फैलने से लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हालात ऐसे हैं कि पैदल निकलने वाले लोगों को गंदे पानी से बचकर रास्ता पार करना पड़ता है, जबकि वाहनों के गुजरने से गंदे पानी के छींटे राहगीरों के कपड़ों पर पड़ रहे हैं। समस्या से परेशान लोगों में नगर पालिका प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
पूर्व पार्षद सोनू तंवर, सोमदत्त जांगड़ा, आदित्य सैनी, भोलाराम सैनी, महेश सैनी, नोनू सैन, जितेंद्र, सतेन्द्र, गोपी सोनी और उदय सिंह ने बताया कि सीवर का पानी सड़क पर फैलने से रास्ते पर फिसलन पैदा हो रही है। इससे पैदल चलने वाले लोगों, बुजुर्गों और बच्चों के फिसलकर गिरने का खतरा बढ़ गया। दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी ऐसी स्थिति दुर्घटना काे बढ़ावा दे रही है।
सीवर के गंदे पानी में हानिकारक जीवाणु और अन्य रोगजनक मौजूद हो सकते हैं। लंबे समय तक गंदगी जमा रहने और उसके संपर्क में आने से त्वचा संबंधी संक्रमण तथा पेट की बीमारियों का खतरा उत्पन्न हो गया। उन्होंने बताया कि यह समस्या केवल आवागमन तक सीमित नहीं है, बल्कि सार्वजनिक स्वास्थ्य से भी जुड़ी हुई है। समय रहते सफाई और सीवर की निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
उन्होंने नगरपालिका प्रशासन से मांग की कि सीवर लाइन की तत्काल सफाई कराकर ओवरफ्लो की समस्या का स्थायी समाधान करने की गुहार लगाई है। तर्क दिया कि शहर में सफाई और जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखना नगरपालिका की जिम्मेदारी है।
जब आमजन को रोजाना गंदगी, बदबू और फिसलन से जूझना पड़ रहा है, तो संबंधित अधिकारियों को मामले में तत्काल संज्ञान लेना चाहिए। अब देखना होगा कि नगरपालिका प्रशासन लोगों की इस परेशानी को कितनी गंभीरता से लेता है और कब तक समस्या का समाधान हो पाता है।
जनस्वास्थ्य विभाग को अवगत करवा दिया, अभी अटका है समाधान
नपा के वार्ड पार्षद कवर सिंह जाखड़ ने बताया कि शहर में अधिकांश प्वाइंटों पर सीवर ओवरफ्लो की स्थिति बनी हुई है। गटर का पानी सड़क पर आने से शहर का श्मशान मार्ग फिसलन और बदबू से ग्रस्त है। समस्या से जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को अवगत करवा दिया, लेकिन अभी तक समाधान की प्रक्रिया अटकी हुई है।

