आज से सेक्टर-17 में सजेगा निर्माण तकनीक का मंच, चार दिन चलेगी ‘इन्स एंड आउट प्रदर्शनी’
चंडीगढ़ में आज से निर्माण तकनीक का मंच
Chandigarh Exhibition: निर्माण क्षेत्र में नवीनतम तकनीक और नवाचारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से 25 से 28 सितंबर तक सेक्टर-17 स्थित परेड ग्राउंड में 12वीं चार दिवसीय ‘इन्स एंड आउट प्रदर्शनी’ आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी के दौरान आधुनिक निर्माण तकनीक, वास्तुकला, अग्नि सुरक्षा, रियल एस्टेट, सुरक्षा, साज-सज्जा और सजावट सहित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। पीएचडीसीसीआई चंडीगढ़ के चेयर रजनीश बंसल और को-चेयर सुव्रत खन्ना ने बताया कि शुक्रवार को ‘इन्स एंड आउट कांफ्रेंस’ में ‘पैरामीट्रिक आर्किटेक्चर’ विषय पर सेमिनार होगा। वहीं, 26 सितंबर को बाद दोपहर चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी प्रदर्शनी का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। समारोह में पीएचडीसीसीआई के डिप्टी सेक्रेटरी जनरल नवीन सेठ और चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
26 सितंबर को दिनभर आर्किटेक्चर क्षेत्र से जुड़े विशेष सेमिनार होंगे। शाम को पांचवें आर्किटेक्चर एक्सीलेंस रिकोग्रीशन अवार्ड का आयोजन किया जाएगा। इसमें राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू उत्तर भारत से पहुंचे भवन निर्माण और आर्किटेक्चर क्षेत्र से जुड़े लोगों को सम्मानित करेंगे। प्रसिद्ध आर्किटेक्ट हबीब खान भी कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल होंगे। 27 सितंबर को प्रदर्शनी का विशेष आकर्षण यंग आर्किटेक्ट फोरम का गठन रहेगा। इसमें चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों के युवा आर्किटेक्ट एक मंच पर जुटेंगे और निर्माण एवं वास्तुकला क्षेत्र की भविष्य की चुनौतियों पर मंथन करेंगे।
पीएचडीसीसीआई के अनुसार, चार दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ आर्किटेक्ट्स, क्लब एनपीसी इंडिया, इंडस्ट्रियल बिजनेस ऑनर्स एसोसिएशन (आईबीओए), इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन इंटीरियर डिजाइनर्स, एशरे, क्रिडाई तथा इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल के सहयोग से किया जा रहा है। 28 सितंबर को प्रदर्शनी का समापन होगा। सह-अध्यक्ष सुव्रत खन्ना ने कहा कि वास्तुकला के क्षेत्र में चंडीगढ़ की वैश्विक पहचान विशिष्ट है। चैंबर पिछले एक दशक से इस आयोजन को सफलतापूर्वक कर रहा है। प्रदर्शनी के माध्यम से हजारों लोगों को निर्माण क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों, नवाचारों और अनुसंधान की जानकारी मिल रही है। प्रदर्शनी ट्राइसिटी के सभी निवासियों के लिए खुली रहेगी।
यह भी पढें: महिलाओं के उत्पादों को बाजार से जोड़ने के लिए नवंबर में लगेगी सहकारिता प्रदर्शनी
