Chandigarh News: चंडीगढ़ में ड्राइविंग टेस्ट देने जा रही कार पलटी, युवक घायल, दो-तीन बार पलटी फिर रेलिंग से टकराकर रुकी

चंडीगढ़ में ड्राइविंग टेस्ट देने जा रही कार पलटी
Chandigarh News: चंडीगढ़ के सेक्टर-25 में सोमवार को ड्राइविंग लाइसेंस की परीक्षा देने जा रहे मोहाली के युवक की स्विफ्ट कार पलट गई। झामपुर निवासी अंकित अपनी कार से अकेले सेक्टर-23 स्थित चिल्ड्रन ट्रैफिक पार्क जा रहा था, जहां उसे लर्निंग लाइसेंस को स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस में बदलवाने के लिए परीक्षा देनी थी। इसी दौरान सेक्टर-25 की सड़क पर अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया।
अंकित ने कार को काबू करने के लिए ब्रेक लगाए, लेकिन वाहन अनियंत्रित हो गया। कार सड़क पर दो-तीन बार पलटी और इसके बाद सड़क के बीच लगी लोहे की रेलिंग से टकराकर रुक गई।
राहगीरों ने पुलिस को दी सूचना
हादसा देखकर आसपास से गुजर रहे राहगीर मौके पर रुक गए। कार के अंदर अंकित घायल अवस्था में मिला, जिसके बाद लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सेक्टर-11 थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद घायल अंकित को सेक्टर-16 स्थित अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
लर्निंग लाइसेंस पहले से बना हुआ था
अंकित के बड़े भाई संजय ने बताया कि उसके भाई का लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस पहले से बना हुआ था। सोमवार को वह स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए परीक्षा देने घर से निकला था और उसे सेक्टर-23 स्थित चिल्ड्रन ट्रैफिक पार्क पहुंचना था। संजय के मुताबिक, अंकित के घर से निकलने के कुछ समय बाद ही परिवार को उसके सड़क हादसे की सूचना मिली। पुलिस ने हादसे की जानकारी उसके परिजनों को भी दी, जिसके बाद परिवार के सदस्य अस्पताल पहुंचे।
किसी राहगीर या दूसरे वाहन को नुकसान नहीं
पुलिस के अनुसार, हादसे के दौरान कार किसी दूसरे वाहन से नहीं टकराई। सड़क से गुजर रहे राहगीरों में से भी किसी को चोट नहीं आई। इस घटना में केवल स्विफ्ट कार चला रहा अंकित घायल हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार का संतुलन बिगड़ने के बाद ब्रेक लगाने से स्थिति और अनियंत्रित हुई, जिसके बाद वाहन पलटते हुए रेलिंग से टकराया।
