Faridabad News: फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ क्षेत्रवासियों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से जर्जर हालत में चल रहे बल्लभगढ़ नगर निगम के पुराने कार्यालय भवन को गिराकर अब एक अत्याधुनिक और भव्य नया भवन तैयार करने की प्रक्रिया निर्णायक दौर में पहुंच गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर लगभग 20 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत आने का अनुमान है।
इस नए भवन के निर्माण टेंडर की दरों को लेकर शनिवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली हाई पावर्ड वर्क्स कमेटी (HPWC) की अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में टेंडर की दरों पर मुहर लगने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने का रास्ता पूरी तरह साफ हो जाएगा।
दो निर्माण कंपनियों को बैठक में किया गया तलब
नगर निगम बल्लभगढ़ के कार्यकारी अभियंता (EXN) डालचंद ने जानकारी देते हुए बताया कि इंजीनियरिंग विभाग ने इस नए भवन के निर्माण के लिए एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करके पहले ही सरकार के पास मंजूरी के लिए भेज दी थी। इस परियोजना के लिए शासन स्तर से करीब 20.32 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया जा चुका है।
टेंडर प्रक्रिया को अंतिम रूप देने और दरों पर विचार-विमर्श करने के लिए दो प्रमुख निर्माण कंपनियों को चंडीगढ़ बैठक में विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया है। इनमें जींद की मैसर्स शिव कंस्ट्रक्शन कंपनी और नई दिल्ली की मैसर्स वालाजी ड्रोबिल्ड प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। इन कंपनियों के साथ दरों पर चर्चा के बाद जैसे ही वर्क ऑर्डर जारी होगा, निर्माण कार्य की वास्तविक तारीख सामने आ जाएगी।
एक ही छत के नीचे मिलेंगे सभी निगम विभाग
वर्तमान में जगह की कमी और जर्जर कमरों के कारण अधिकारियों और आम जनता दोनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लेकिन नया भवन बन जाने से यह समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी। प्रस्तावित योजना के अनुसार यह नया भवन दो मंजिला होगा, जिसमें 30 से अधिक आधुनिक कमरे बनाए जाएंगे।
इसमें नगर निगम के इंजीनियरिंग विभाग, टैक्स शाखा, सफाई विभाग और अन्य तमाम महत्वपूर्ण शाखाओं के अधिकारी व कर्मचारी एक ही परिसर में बैठेंगे। इसके बनने से शहरवासियों को अपने प्रशासनिक कार्यों के लिए अलग-अलग कमरों या दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और अधिकारियों से संपर्क साधना बेहद आसान हो जाएगा।
हाई-टेक सुविधाओं से लैस होगा नया नगर निगम परिसर
आम जनता की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए नए भवन के नक्शे में कई खास बदलाव किए गए हैं। भवन के भीतर एक समर्पित आईटी सेल (IT Cell) के लिए अलग से कमरा बनाया जाएगा, जहां स्थानीय नागरिक अपने हाउस टैक्स, पानी के बिलों का भुगतान और अन्य जरूरी ऑनलाइन कार्य आसानी से निपटा सकेंगे।
इसके अलावा कार्यालय आने वाले फरियादियो और बुजुर्गों के बैठने के लिए आरामदायक और उचित व्यवस्था की जाएगी। सबसे बड़ी राहत वाहन चालकों के लिए होगी, क्योंकि भवन के बेसमेंट में करीब 50 गाड़ियों की पार्किंग की आधुनिक सुविधा विकसित की जाएगी। इससे कार्यालय आने वाले कर्मचारियों और आम जनता को सड़कों पर गाड़ियां खड़ी करने की झंझट से मुक्ति मिलेगी।
यह भी पढ़ें–Haryana breed bull Gaurav: झज्जर का नंदी गौरव, 1 करोड़ की बोली ठुकराकर किसान ने क्यों कहा- नहीं बेचूंगा?

