Fatehgarh Sahib News: फतेहगढ़ साहिब जिले में सोमवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। मंडी गोबिंदगढ़ क्षेत्र में एक व्यक्ति की उसके घर के भीतर घुसकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने कृपाण से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे मृतक का सिर धड़ से अलग हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि घर के अंदर खून फैला मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।
मृतक की पहचान मेवा सिंह के रूप में हुई
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मेवा सिंह के रूप में हुई है। वह वर्ष 2020 में मंडी गोबिंदगढ़ के गांव लाडपुर तूरां स्थित गुरुद्वारा साहिब में हुई बेअदबी की घटना का आरोपी था। उस मामले में गिरफ्तारी के बाद वह जेल गया था और बाद में जमानत पर रिहा हुआ था। फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हत्या का संबंध पुराने मामले से है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। अभी तक इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक निष्कर्ष जारी नहीं किया गया है।
हमलावर की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह और हमलावर की पहचान का पता लगाने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। घटनास्थल से मिले सबूतों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच पूरी होने तक आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की है।

