Bhiwani Diya Craft: रोशनी के महापर्व दीपावली के नजदीक आते ही हरियाणा के भिवानी में मिट्टी के दीयों और पारंपरिक बर्तनों की मांग चरम पर पहुंच गई है। इस बार की दीवाली भिवानी के कुम्हार समाज के लिए महज एक त्योहार नहीं, बल्कि बदलती तकदीर और खुशहाली का नया पैगाम लेकर आई है। केंद्र व राज्य सरकार के ‘वोकल फॉर लोकल’ आह्वान, आधुनिक तकनीकों के समावेश और बिजली से चलने वाले चाक ने कुम्हारी के इस पारंपरिक पेशे की पूरी कायापलट कर दी है।
हाथ के चाक से ऑटोमैटिक मशीनों तक का सफर, कम मेहनत में दोगुना उत्पादन
भिवानी के स्थानीय पार्षद विनोद प्रजापति ने बताया कि पहले कुम्हारों को मिट्टी तैयार करने से लेकर दीया ढालने तक सारा काम हाथों से करना पड़ता था। पूरे परिवार के दिन-रात जुटने के बाद भी उत्पादन काफी सीमित रहता था। लेकिन अब तस्वीर बदल चुकी है। मिट्टी गूंथने वाली मशीनों और मिक्सर ने कारीगरों का काम बेहद आसान बना दिया है। यही नहीं, दीयों की पकाई के लिए अब पुरानी भट्टियों के स्थान पर आधुनिक ग्लास कॉटन तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे ईंधन की भारी बचत हो रही है और धुआं न होने से प्रदूषण भी कम फैल रहा है।
50 गज के कमरों से निकले कुम्हार, अब किराए के बड़े प्लॉट्स में चल रहे कारखाने
प्रजापति समाज के कारीगरों की मानें तो कभी जो काम 50 गज के छोटे-छोटे मकानों की तंग गलियों में सिमटा हुआ था, वह आज बड़े सेटअप का रूप ले चुका है। सरकारी प्रोत्साहन, आधुनिक मशीनरी और खुद की मेहनत के दम पर कारीगरों ने बड़े प्लॉट किराए पर लेकर कारखानों जैसे यूनिट तैयार कर लिए हैं। काम का दायरा बढ़ने से उनकी आर्थिक स्थिति में अप्रत्याशित सुधार हुआ है, जिससे वे अब अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा और परिवार को बेहतर सुविधाएं दे पा रहे हैं।
‘देश का पैसा देश के कारीगरों के पास’, स्वदेशी अपनाने की अपील
पार्षद विनोद प्रजापति ने जोर देकर कहा कि जब देश के नागरिक ‘वोकल फॉर लोकल’ को अपनाते हैं, तो उनका पैसा सीधे तौर पर देश के जमीनी कारीगरों और छोटे उद्योगों की जेब में जाता है। इससे न केवल आम नागरिक की आर्थिक रीढ़ मजबूत होती है, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलती है। भिवानी के कुम्हारों ने आम जनता से अपील की है कि इस दीपावली पर चीनी लड़ी और प्लास्टिक के सामानों का बहिष्कार कर मिट्टी के दीये व पारंपरिक सामान खरीदें, ताकि इन दस्तकारों के घरों में भी खुशहाली का दीया जल सके।
यह भी पढ़ें– Nuh News: आईफोन की जिद में हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक, नूंह में मचा हड़कंप


