Karnal Bike Theft News: मुनीश मुंडे, करनाल। हरियाणा के करनाल जिले में लगातार हो रही दोपहिया वाहनों की चोरी पर अंकुश लगाने में जुटी पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। एंटी ऑटो व्हीकल थेफ्ट स्टाफ की विशेष टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनकी निशानदेही पर चोरी की गई तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस पड़ताल में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी आदतन अपराधी हैं और पहले भी नशे की तस्करी व झपटमारी जैसे मामलों में जेल की सलाखों के पीछे जा चुके हैं।
पश्चिमी यमुना नहर बाईपास से हत्थे चढ़े आरोपी
एंटी ऑटो व्हीकल थेफ्ट स्टाफ के प्रभारी उप निरीक्षक राजेश कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम इलाके में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पश्चिमी यमुना नहर के बाईपास के पास नाकेबंदी कर दो युवकों को काबू किया। पूछताछ करने पर उनकी पहचान करनाल के सदर बाजार निवासी रवि और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के अढाई गांव निवासी विजय कुमार के रूप में हुई। विजय फिलहाल करनाल के तोपखाना मोहल्ले में किराए पर रह रहा था।
तीन अलग-अलग इलाकों से पार की थीं बाइक
कड़ाई से की गई पूछताछ के दौरान आरोपियों ने शहर के अलग-अलग इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूल कर ली। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 17 नवंबर 2022 को सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित अटल पार्क के पास से, 25 अगस्त 2025 को शहर थाना क्षेत्र के ब्रह्मानंद चौक से और 28 मई 2026 को एनडीआरआई चौक से मोटरसाइकिलें चुराई थीं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तीनों चोरी की गई मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं।
नशे और स्नैचिंग के पुराने मामलों में भी रहे हैं संलिप्त
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वे नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री (NDPS) और राहगीरों से झपटमारी के मामलों में पहले भी गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया था। पुलिस प्रशासन ने आमजन और वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में डबल लॉक और जीपीएस जैसी सुरक्षा प्रणालियों का इस्तेमाल करें तथा वाहनों को अधिकृत पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें।
यह भी पढ़ें– करनाल के गांव में घोड़ी चराने गए युवक पर लोहे की रॉड से हमला, तोड़े दोनों हाथ-पैर

