Narnaul: स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव तथा खाद्य सुरक्षा विभाग के कमिश्नर डॉ. मनोज कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत आज खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अमित कुमार ने जिला महेंद्रगढ़ में विभिन्न खाद्य पदार्थों के 14 नमूने लिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अमित कुमार ने कहा कि त्योहारी सीजन के मद्देनजर आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में निरंतर जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाना तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अमित कुमार ने मिठाई विक्रेताओं एवं अन्य खाद्य कारोबारियों को निर्देश दिए कि वे मिठाइयों के निर्माण में इस्तेमाल किए जाने वाले घी एवं तेल के संबंध में सही जानकारी अपने काउंटर पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें, ताकि उपभोक्ताओं को पता चल सके कि मिठाइयां किस प्रकार के घी या तेल से तैयार की गई हैं।
उन्होंने खाद्य कारोबारियों को मिठाइयों में अनावश्यक रंगों का प्रयोग न करने, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में अधिक बिक्री के बावजूद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
डॉ. अमित कुमार ने सभी खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे गुणवत्तापूर्ण कच्चे माल का उपयोग करें, खाद्य पदार्थों को स्वच्छ परिस्थितियों में तैयार करें तथा अपने प्रतिष्ठानों का FSSAI पंजीकरण या लाइसेंस सुनिश्चित करें।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने आमजन से भी अपील की है कि त्योहारों के दौरान मिठाइयां एवं अन्य खाद्य पदार्थ विश्वसनीय दुकानों से खरीदें और किसी भी प्रकार की मिलावट या खाद्य सुरक्षा संबंधी अनियमितता दिखाई देने पर विभाग को सूचित करें।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर रोक लगाने के लिए निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
यह भी देखें करवा चौथ के कलश में जल के अलावा क्या रखें? जानें सिक्का, चावल और सुपारी का महत्व

