Har Ghar Tiranga तिरंगा यात्रा के साथ हर विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी युवाओं को जोड़ने का चलाएगी अभियान

Har Ghar Tiranga
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा 9 अगस्त को नारनौल में शुरू किए गए हर घर तिरंगा अभियान के तहत अब भारतीय जनता पार्टी जिला महेंद्रगढ़ में अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकालने की तैयारी में है। हालांकि इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रभक्ति का भाव जगाना है लेकिन पिछले दिनों जंतर मंतर पर हुए प्रदर्शनों के बाद अब संगठन ने इसमें युवाओं को विशेष तौर पर साथ जोड़ने की प्लानिंग बनाई है।
हर घर तिरंगा यात्रा अभियान का शुभारंभ 12 अगस्त को जिला महेंद्रगढ़ में किया जाना है। इसके तहत 12 अगस्त को नारनौल महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र में यह तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। 14 अगस्त को नांगल चौधरी और अटेली विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकलेगी। पार्टी के जिला अध्यक्ष डॉक्टर यतेंद्र राव ने सभी विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग-अलग यात्रा संयोजक निर्धारित कर दिए हैं। उनका कहना है कि यह यात्रा वहां के पार्टी विधायकों के नेतृत्व में निकाली जाएगी। नारनौल में 12 अगस्त को सुबह 8:00 प्रारंभ होने वाली इस यात्रा का नेतृत्व नारनौल के विधायक व पूर्व मंत्री ओम प्रकाश यादव करेंगे। यह पदयात्रा नसीबपुर से शुरू होकर मित्रपुरा चौक तक जाएगी।
12 अगस्त को ही महेंद्रगढ़ में सुबह 10 बजे विधायक कंवर सिंह यादव के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा मॉडल संस्कृति विद्यालय से प्रारंभ होकर महाराणा प्रताप चौक तक निकाली जाएगी।
14 अगस्त को सुबह 9 बजे नांगल चौधरी विधानसभा क्षेत्र में यह तिरंगा यात्रा पूर्व मंत्री डॉ अभय सिंह यादव के नेतृत्व में राव तुलाराम चौक से प्रारंभ होकर नांगल दुर्ग तक जाएगी।
उसी दिन शाम 3 बजे अटेली विधानसभा क्षेत्र का कार्यक्रम होगा। अटेली के पार्टी कार्यकर्ता 3 बजे वहां से अपने वाहनों पर सवार होकर नारनौल पार्टी कार्यालय तक पहुंचेंगे। उसके बाद शाम 4 बजे नमो कमल कार्यालय से तिरंगा यात्रा प्रारंभ होकर नसीबपुर तक जाएगी। इस यात्रा में हथेली की विधायक व स्वास्थ्य मंत्री आरती राव तथा पार्टी के जिला अध्यक्ष डॉ यतेंद्र राव भी मौजूद रहेंगे। जिला अध्यक्ष ने बताया कि इस तिरंगा यात्रा के लिए पूर्व जिला अध्यक्ष दयाराम यादव को जिला संयोजक बनाया गया। इसके अलावा नारनौल विधानसभा में सोमेश यादव, महेंद्रगढ़ में ईश्वर सैनी, नांगल चौधरी में आनंद मेहता और अटेली में शमशेर सिंह को जिला सहसंयोजक बनाए गए हैं। जो तिरंगा यात्रा की व्यवस्थाओं को देखेंगे।
