Harjinder Murder Case: हत्या के पांच दिन बाद आज होगा अंतिम संस्कार, दो आरोपी हो चुके गिफ्तार, ग्लॉक पिस्तौल बरामद

हत्या के पांच दिन बाद आज होगा अंतिम संस्कार
Harjinder Murder Case: लुधियाना में प्रॉपर्टी डीलर हरजिंदर सिंह की हत्या के पांच दिन बाद गुरुवार को उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद परिवार उनका अंतिम संस्कार करेगा। हरजिंदर के परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे और उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था।
परिवार का कहना था कि जब तक हत्या में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। पुलिस कमिश्नर के साथ हुई बैठक में पुलिस ने परिजनों को जांच और पोस्टमार्टम की जरूरत समझाई, जिसके बाद परिवार अपनी सहमति देने के लिए तैयार हुआ।
पुलिस ने कहा- देरी से जांच प्रभावित हो सकती है
पुलिस कमिश्नर ने परिवार को समझाया कि पोस्टमार्टम में ज्यादा देरी होने से रिपोर्ट प्रभावित हो सकती है। इससे हत्या से जुड़े सही तथ्यों को जांच में सामने लाने में परेशानी हो सकती है।
पुलिस की इस अपील के साथ ही दो आरोपियों की गिरफ्तारी ने भी परिवार को शांत करने में भूमिका निभाई। पुलिस ने बताया कि हत्या के मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल ग्लॉक पिस्तौल तथा जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
8 अगस्त की रात किप्स मार्केट के पास मारी गईं गोलियां
हरजिंदर सिंह की हत्या 8 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे हुई थी। परिवार के मुताबिक, उस रात करीब 7:30 बजे हरजिंदर अपने पिता की गाड़ी लेकर घर से निकले थे और दोस्तों के साथ किप्स मार्केट में खाना खाने गए थे।
इसके बाद वह दोस्त की एक्टिवा लेने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रवि और उसके साथी वहां पहुंचे और हरजिंदर पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से उनकी मौत हो गई।
हत्या के बाद परिवार ने सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठाई। इसी मांग को लेकर परिजनों ने धरना शुरू किया और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
दो आरोपी गिरफ्तार, ग्लॉक पिस्तौल बरामद
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से विदेशी ग्लॉक पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या में शामिल अन्य फरार आरोपियों तक पहुंचने के लिए छापेमारी कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या के पीछे क्या वजह थी और वारदात में कौन-कौन लोग शामिल थे।
25 गरीब बेटियों की शादी में मदद कर चुके थे हरजिंदर
हरजिंदर सिंह इलाके में प्रॉपर्टी डीलर के साथ-साथ समाजसेवी के रूप में भी जाने जाते थे। परिजनों और करीबियों के मुताबिक, उन्होंने करीब 25 गरीब बेटियों की शादी करवाकर उनके घर बसाने में मदद की थी।
उनकी हत्या के बाद इलाके के लोगों में रोष है। करीबियों का कहना है कि समाजसेवा में सक्रिय रहने वाले हरजिंदर की इस तरह गोली मारकर हत्या से लोग बेहद दुखी हैं। परिवार अब पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करने जा रहा है, जबकि पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
