Haryana Road Accident: नरेला में हरियाणा पुलिस के दरोगा के बेटे ने मर्सिडीज से मचाया तांडव, चींटियों को आटा डाल रही बुजुर्ग की मौत
नरेला में हरियाणा पुलिस के दरोगा के बेटे ने मर्सिडीज से मचाया तांडव, चींटियों को आटा डाल रही बुजुर्ग की मौत
Haryana Road Accident: राजधानी दिल्ली के नरेला स्थित मामूरपुर इलाके में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। हरियाणा पुलिस में कार्यरत एक सब-इंस्पेक्टर का बेटा शुभम अपने दोस्तों के साथ देर रात पार्टी मनाकर मर्सिडीज कार से नरेला स्थित अपने घर लौट रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही मर्सिडीज कार जैसे ही हिमालय अपार्टमेंट के सामने पहुंची, चालक नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रही वैगनआर कार को भीषण टक्कर मार दी।
हवा में घूमकर टेंपो से टकराई वैगनआर, बीच में पिस गईं 70 साल की उर्मिला
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैगनआर कार सड़क पर घूमते हुए किनारे खड़े एक माल वाहक टेंपो से जा टकराई। इसी दौरान मामूरपुर निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला उर्मिला सुबह-सुबह सड़क किनारे चींटियों को आटा डाल रही थीं।
वैगनआर और टेंपो के बीच में आने से उर्मिला देवी गंभीर रूप से कुचल गईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में वैगनआर चालक नरेंद्र भी बुरी तरह घायल हो गया। टक्कर के प्रभाव से मर्सिडीज के दोनों सुरक्षा एयरबैग खुल गए, जिससे कार चालक शुभम बाल-बाल बच गया।
गाड़ी से मिली बीयर की कैन, भीड़ ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने मर्सिडीज कार चला रहे शुभम को मौके पर ही धर दबोचा। आरोप है कि शुभम अत्यधिक शराब के नशे में धुत था और उसकी गाड़ी के भीतर से बीयर की केन भी बरामद हुई है। गुस्से में आई भीड़ ने तुरंत नरेला थाना पुलिस को सूचना दी और आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया केस, बाहरी-उत्तरी दिल्ली डीसीपी का बयान
मामले की जानकारी देते हुए बाहरी-उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त (DCP) शोभित डी सक्सेना ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे नरेला पुलिस को हादसे की कॉल मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को क्षतिग्रस्त मर्सिडीज, वैगनआर और टेंपो मिले।
पुलिस ने आरोपी शुभम के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। उर्मिला देवी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी के ब्लड सैंपल की मेडिकल जांच कराई जा रही है।
यह भी पढ़ें– Haryana Weather Update: हरियाणा में 10 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, हिसार मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
