Haryana Sports: जापान की धरती पर अपनी खेल प्रतिभा और ताकत का लोहा मनवाकर स्वदेश लौटे हरियाणा के खिलाड़ियों का दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर जोरदार अभिनंदन किया गया। एशियाई चैंपियनशिप में देश का मान बढ़ाने वाले इन एथलीटों की अगवानी करने खुद हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम एयरपोर्ट पहुंचे। ढोल-नगाड़ों की थाप और भारत माता के जयकारों के बीच खेल मंत्री ने सभी पदकवीरों को फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया और व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनकी शानदार उपलब्धियों की सराहना की।
हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि भारतीय दल ने इस बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कुल 85 पदक हासिल किए हैं। सबसे गर्व की बात यह है कि देश की कुल पदक तालिका में अकेले हरियाणा का योगदान सबसे बड़ा रहा है। राज्य के खिलाड़ियों ने 32 पदकों पर अपना कब्जा जमाया, जिनमें 14 स्वर्ण, 9 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल हैं। खेल मंत्री ने कहा कि देश की कुल आबादी का करीब दो प्रतिशत होने के बावजूद मेडल टैली में हरियाणा की यह धमक हर देशवासी को गर्व महसूस कराती है।
सीएम नायब सैनी की खेल नीतियों का कमाल, भविष्य के लिए मिला पूरा सहयोग
खिलाड़ियों को भविष्य के मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं देते हुए खेल मंत्री ने कहा कि यह ऐतिहासिक सफलता मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चलाई जा रही राज्य की बेहतरीन खेल नीतियों और बुनियादी ढांचे का प्रत्यक्ष परिणाम है। हरियाणा सरकार द्वारा खिलाड़ियों को दी जा रही प्रोत्साहन राशि, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं और ‘कैच देम यंग’ जैसी योजनाओं के कारण आज गांव-गांव से प्रतिभावान खिलाड़ी निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर तिरंगा लहरा रहे हैं।
खेल मंत्री ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार एथलीटों को विश्वस्तरीय सुविधाएं और डाइट भत्ता देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने खिलाड़ियों से वादा किया कि आगामी ओलंपिक और वैश्विक प्रतियोगिताओं की तैयारी में धन या संसाधनों की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। जापान से लौटे खिलाड़ियों ने भी इस आत्मीय स्वागत के लिए सरकार और प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें– पंचकूला में तीसरी बार जारी हुआ कुत्तों के टीकाकरण के लिए टेंडर, रोजाना सामने आ रहे 20 केस

