Kaithal News: हरियाणा में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कैथल पुलिस को एक और सफलता मिली है। एंटी एक्सटॉर्शन सेल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना सदर इलाके से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से आधा किलो (500 ग्राम) सुल्फा बरामद हुआ है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, एंटी एक्सटॉर्शन सेल के प्रभारी एएसआई तरसेम की अगुवाई में एएसआई मंजीत सिंह की टीम गश्त और अपराध रोकथाम के सिलसिले में टीक रेलवे पुल के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सटीक सूचना मिली कि गांव मटौर का रहने वाला विशाल (हाल निवासी जनकपुरी कॉलोनी, कैथल) सुल्फा बेचने का अवैध धंधा करता है और वह इस समय टीक बस अड्डे के पास ग्राहक के इंतजार में खड़ा है।
पुलिस टीम को देखते ही भागने लगा आरोपी, डीएसपी की मौजूदगी में ली गई तलाशी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए टीक बस अड्डे के आसपास घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस की गाड़ी देखते ही वहां खड़ा एक संदिग्ध युवक घबरा गया और मौके से भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि, सतर्क पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीएसपी मुख्यालय बीरभान को तुरंत मौके पर बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में जब नियमानुसार आरोपी की तलाशी ली गई, तो उसके हाथ में मौजूद पॉलिथीन से 500 ग्राम सुल्फा बरामद हुआ।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, अदालत में किया जाएगा पेश
पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने बताया कि आरोपी विशाल के खिलाफ थाना सदर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। केस की जांच एसआई जसबीर सिंह को सौंपी गई है, जिन्होंने आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पूछताछ के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि वह यह नशीला पदार्थ कहां से खरीदकर लाया था और शहर में किन-किन लोगों को इसकी सप्लाई की जानी थी।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर, 15 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, तेज बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

