Kaithal Police Security Diwali: दीपावली और धनतेरस के मद्देनजर रोशनी से जगमगाते बाजारों में जहां एक तरफ लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है, वहीं दूसरी तरफ सुरक्षा एजेंसियों ने भी कमर कस ली है। कैथल जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। शहर के सभी होटलों, ढाबों, सराय, लॉज और धर्मशालाओं में पुलिस टीमों ने औचक निरीक्षण और चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है।
कैथल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनप्रीत सिंह सूदन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि त्योहारों की आड़ में माहौल बिगाड़ने या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे हुड़दंगियों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।
थानों और चौकियों को विशेष गश्त बढ़ाने के आदेश
एसपी सूदन ने जिले के सभी थाना प्रभारियों, चौकी इंचार्जों और एंटी-क्राइम टीमों को अपने-अपने इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों, रेलवे-बस स्टेशनों के आसपास और रिहायशी इलाकों के करीब बने ठहरने के ठिकानों को खंगालना शुरू कर दिया है।
चेकिंग के दौरान वहां रुकने वाले हर शख्स के दस्तावेजों, पहचान पत्रों और रजिस्टर में दर्ज ब्यौरे की बारीकी से पड़ताल की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को वक्त रहते ट्रेस किया जा सके। इसके साथ ही बाजारों और मुख्य चौराहों पर पुलिस ने रात्रि गश्त भी काफी बढ़ा दी है।
बाजारों में उमड़ी भीड़, पुलिस रख रही चप्पे-चप्पे पर नजर
त्योहारों के इन दिनों में खरीदारी के लिए बाजारों में बंपर भीड़ देखने को मिल रही है। आम जनता को सुरक्षित माहौल मुहैया कराना और यातायात को सुचारू रखना पुलिस के लिए इस समय सबसे बड़ी प्राथमिकता है। पुलिस अधिकारी खुद मैदान में उतरकर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा ले रहे हैं।
एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने जिलावासियों को धनतेरस, दीपावली और गोवर्धन पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए जनता से भी पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने लोगों को आगाह किया कि वे किसी भी अनजान या संदिग्ध व्यक्ति को बिना उसकी पुख्ता पहचान और जानकारी के अपने यहां न ठहराएं। यदि आसपास कोई भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे, तो बिना देर किए नजदीकी पुलिस थाना, चौकी या पुलिस कंट्रोल रूम को तुरंत सूचना दें।
यह भी देखें – कैथल में अंबाला रोड पर धू-धू कर जला कचरा, सुनील संधू ने वीडियो जारी कर उठाए बड़े सवाल


