Kaithal Garbage Burning: हरियाणा के कैथल जिले में प्रदूषण और पराली नियंत्रण को लेकर प्रशासनिक दावों की हवा निकलती नजर आ रही है। पुलिस विभाग से बर्खास्त हेड कांस्टेबल सुनील संधू ने अंबाला रोड पर जगह-जगह कचरे में लगाई जा रही आग को लेकर जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सड़क किनारे जलते कचरे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वे साफ तौर पर प्रशासन से पूछ रहे हैं कि नियम-कानून क्या सिर्फ अन्नदाता किसानों के लिए ही बनाए गए हैं?
सुनील संधू का दावा है कि अंबाला रोड पर लगभग 10 अलग-अलग स्थानों पर कचरे के ढेर धू-धू कर जल रहे थे। उन्होंने कहा कि जब किसान अपने खेतों में पराली जलाते हैं, तो पूरा प्रशासनिक अमला सतर्क हो जाता है और यह तर्क दिया जाता है कि इस धुएं की वजह से दिल्ली तक दम घुट रहा है। लेकिन अब जब किसान सतर्क हैं और पराली नहीं जला रहे, तब शहर की सड़कों और मुख्य चौराहों पर धड़ल्ले से कचरा फूंका जा रहा है, जिस पर अफसरों की नजर तक नहीं पड़ रही।
कैमरों से लैस चौक पर जल रहा कचरा, फिर भी जांच से कतरा रहा प्रशासन
वीडियो में कैथल के व्यस्ततम सम्राट मिहिर भोज चौक का जिक्र करते हुए संधू ने कहा कि इस चौक पर बाकायदा सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इसके बावजूद कोई यह जांच करने की जहमत नहीं उठा रहा कि आखिर सार्वजनिक जगहों पर आग कौन लगा रहा है। उन्होंने प्रशासनिक रवैये पर तंज कसते हुए कहा कि अगर खेतों की आग का धुआं दिल्ली पहुंच सकता है, तो शहर के बीचों-बीच जलते कचरे से निकलने वाला जहरीला धुआं क्या लोगों के फेफड़ों को नुकसान नहीं पहुंचा रहा?
उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों पर पराली जलाने पर भारी-भरकम जुर्माना, एफआईआर दर्ज करने और उनकी सरकारी सुविधाएं बंद (रेड एंट्री) करने जैसी कठोर कार्रवाइयां की जाती हैं। लेकिन दूसरी तरफ, शहरी इलाकों में रोजाना दर्जनों जगह आग लगाई जा रही है और जिम्मेदारों पर कोई गाज नहीं गिरती।
प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत सौंपने की तैयारी
सड़कों पर उड़ते जहरीले धुएं और प्रशासन की अनदेखी को लेकर संधू ने कहा कि वे इस मामले में चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने ऐलान किया है कि शहर और हाईवे किनारे लग रही आग के इन सबूतों के साथ जल्द ही जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलेंगे और लिखित शिकायत सौंपेंगे। अब देखना यह होगा कि इस वीडियो के सामने आने और उठते सवालों के बाद क्या कैथल प्रशासन कचरा जलाने वालों पर कोई ठोस कार्रवाई करता है या मामला ठंडे बस्ते में ही पड़ा रहता है।
यह भी देखें – हरियाणा में गुलाबी ठंड की दस्तक, जानिए अगले 4 दिनों के मौसम का हाल


