Kaithal News: सुहाग और परिवार की लंबी उम्र के पर्व करवा चौथ की रात कैथल से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। शहर के आईटीआई चुंगी के पास एक बेकाबू ट्रैक्टर ने बाइक सवार को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि पलभर में खुशियां मातम में बदल गईं। हादसे के बाद बाइक में भयानक आग लग गई और वह देखते ही देखते आग के गोले में तब्दील हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की इलाज के लिए ले जाते वक्त रास्ते में मौत हो गई।
मृतक की पहचान कैथल जिले के गांव चंदाना निवासी सुनील के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, सुनील पेशे से एक मिस्त्री था और बीती रात करीब 10 बजे अपना काम खत्म करके अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहा था। जैसे ही उसकी बाइक आईटीआई चुंगी के नजदीक पहुंची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुनील सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
टक्कर के बाद धू-धू कर जल उठी बाइक
हादसे की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर लगते ही मोटरसाइकिल में शॉर्ट सर्किट के चलते आग भड़क उठी। कुछ ही पलों में बाइक आग के गोले में तब्दील हो गई, जिसका खौफनाक मंजर मौके पर मौजूद लोगों ने भी देखा। सड़क पर गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत इस घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
खबर मिलते ही अनाज मंडी चौकी पुलिस की टीम फौरन मौके पर पहुंची और लहूलुहान हालत में पड़े सुनील को उठाकर कैथल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। हालांकि, किस्मत को कुछ और ही मंजूर था; परिजन उसे लेकर रोहतक निकल तो पड़े, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में सुनील ने दम तोड़ दिया।
तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
इस अचानक हुए हादसे से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सुनील अपने पीछे पत्नी और तीन मासूम बच्चों (दो बेटे और एक बेटी) को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। करवा चौथ के दिन घर में जहां पति की लंबी उम्र की दुआएं मांगी जा रही थीं, वहीं इस अनहोनी ने हंसते-खेता परिवार उजाड़ दिया।
अनाज मंडी चौकी इंचार्ज जयपाल ने बताया कि पुलिस ने मृतक के भाई के ब बयानों के आधार पर संबंधित ट्रैक्टर चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार ट्रैक्टर चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
यह भी पढ़ें– जगाधरी रेलवे वर्कशॉप स्टेडियम की बदहाली, गड्ढों और जलभराव ने रोकी युवाओं की राह

