Merchant Navy Officer Death: हरियाणा के भिवानी जिले के गांव मोहम्मदपुर में मातम और आक्रोश का माहौल है। मर्चेंट नेवी में ‘एबल सीमैन’ (AB) के पद पर तैनात 24 वर्षीय रोहित की दक्षिण अफ्रीका में समुद्र के बीच संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
घटना के करीब 50 दिन बाद मंगलवार को जब रोहित का पार्थिव शरीर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा, तो परिजन उसे सीधे रोहतक पीजीआई के डेड हाउस ले आए। परिजनों ने शिपिंग कंपनी के सुसाइड वाले दावे को सिरे से खारिज करते हुए मामले में हत्या की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
22 अगस्त को ड्यूटी पर निकला था रोहित, 14 सितंबर को आई मौत की खबर
मृतक के चाचा अनिल कुमार ने बताया कि रोहित ने साल 2023 में चेन्नई की ‘शिपिंग मैनेजमेंट डॉल्फिन’ कंपनी के जरिए मर्चेंट नेवी में नौकरी शुरू की थी। वह चार महीने घर पर और चार महीने समंदर में ड्यूटी पर रहता था। बीते 22 अगस्त को वह अपने गांव से ड्यूटी के लिए रवाना हुआ था और 25 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका में जहाज पर रिपोर्ट की थी। इसके बाद 14 सितंबर को कंपनी से फोन आया कि रोहित ने 13 सितंबर को पश्चिमी अफ्रीका के पास जहाज के भीतर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। यह खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
गले पर नहीं थे निशान, सहकर्मी कैप्टन बोले- रची गई है बड़ी साजिश
कंपनी की कहानी पर परिजनों के साथ-साथ रोहित के साथ शिप पर तैनात चरखी दादरी निवासी कैप्टन मोहित ने भी बड़े सवाल खड़े किए हैं। कैप्टन मोहित ने बताया कि उसने रोहित का शव खुद देखा था, जिसके गले पर फांसी लगाने का कोई निशान तक नहीं था। मोहित का सीधा आरोप है कि रोहित ने सुसाइड नहीं किया बल्कि उसकी सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है और पूरी घटना को सुसाइड का रूप देने के लिए साजिश रची जा रही है।
चाचा अनिल ने भी कहा कि कंपनी यह तो कह रही है कि रोहित ने फंदा लगाया, लेकिन यह नहीं बता पा रही कि उसने जहाज में किस जगह और कैसे फांसी खाई। परिजनों का कहना है कि इसी रहस्य से पर्दा उठाने के लिए वे शव का दोबारा रोहतक पीजीआई में पोस्टमार्टम करवा रहे हैं।
परिवार का छोटा बेटा था रोहित, विदेश मंत्रालय से गुहार
रोहित अपने परिवार का छोटा बेटा था और उसका बड़ा भाई राहुल शादीशुदा है। बेटे की असमय और संदिग्ध मौत से पूरे गांव में गहरा शोक व्याप्त है। पीड़ित परिजनों ने केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय से अपील की है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस पूरे मामले की कूटनीतिक जांच करवाई जाए। उन्होंने मांग की है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर सच्चाई सामने लाई जाए और लापरवाही बरतने या गुमराह करने वाली शिपिंग कंपनी पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
यह भी पढ़ें– Nuh News: आईफोन की जिद में हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक, नूंह में मचा हड़कंप


