Karnal News: हरियाणा के करनाल जिले में निसिंग स्थित एक राइस मिल में शनिवार (24 अक्टूबर) की देर शाम बड़ा हादसा हो गया। गुलरपुर रोड पर मौजूद केसी राइस मिल में काम कर रहे 18 वर्षीय युवक के ऊपर अचानक धान का भारी ढेर गिर पड़ा। जब तक साथी मजदूर उसे धान की ढेर के नीचे से बाहर निकाल पाते, तब तक काफी देर हो चुकी थी। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान बिहार के समस्तीपुर जिले के आलमपुर मुसेरी निवासी 18 वर्षीय अजीत कुमार पुत्र कालीसाधा के रूप में हुई है। वह अपने परिवार का सहारा बनने के लिए करनाल की राइस मिल में मजदूरी करने आया था, लेकिन शनिवार की शाम उसके लिए काल साबित हुई।
‘खाना खाने कमरे पर जा रहा था, अचानक आई चीखने की आवाज’
साथी मजदूर सिकंदर कुमार ने खौफनाक मंजर बयां करते हुए बताया कि शाम के वक्त अजीत के साथ दो अन्य मजदूर होदी के पास ड्यूटी पर थे। इसी बीच जनरेटर में कुछ तकनीकी खराबी आ गई, जिसे ठीक करने के बाद वे वापस अपने काम में लग गए। सिकंदर के मुताबिक, उसने अजीत से कहा कि वह खाना खाने के लिए कमरे पर जा रहा है और अगर कोई जरूरत पड़े तो फोन कर दे।
सिकंदर वहां से कुछ ही कदम दूर गया था कि अचानक होदी में भरा धान धंस गया और भारी ढेर अजीत पर आ गिरा। दबने से ठीक पहले अजीत ने बचाने के लिए जोर से आवाज लगाई। चीख सुनते ही सिकंदर तुरंत वापस दौड़ा, लेकिन तब तक अजीत धान के भारी मलबे के नीचे पूरी तरह समा चुका था।
आधे से पौने घंटे तक तड़पता रहा युवक, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
अजीत को दबते देख सिकंदर ने शोर मचाया, जिसके बाद मिल परिसर में मौजूद अन्य मजदूर भी दौड़कर मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर हाथों से धान हटाना शुरू किया। करीब आधा से पौना घंटा (30 से 45 मिनट) की मशक्कत के बाद अजीत को बाहर निकाला जा सका। बाहर निकालने पर अजीत की कोई हरकत नहीं हो रही थी। साथी मजदूर उसे तुरंत नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही निसिंग थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर करनाल के मोर्चरी हाउस में रखवा दिया है।
परिजनों की शिकायत पर होगी आगे की कार्रवाई
निसिंग थाना के जांच अधिकारी स्वदेश ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसा धान के नीचे दबने और दम घुटने के कारण हुआ है। मृतक के परिजनों को बिहार सूचना दे दी गई है। परिजनों के करनाल पहुंचने के बाद रविवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा और फिर उनके बयानों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें–Haryana Weather Update: गुरुग्राम में रात का पारा लुढ़ककर 14.6 डिग्री पहुंचा, जानें 28-29 अक्टूबर का हाल

