Punjab Weather Update: हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में शुरू हुई बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में साफ महसूस होने लगा है। शनिवार देर शाम पंजाब के कई हिस्सों में तेज आंधी के साथ हुई हल्की से मध्यम बारिश ने (Himachal Snowfall Effect Punjab) अचानक हवा में ठंडक घोल दी है। बरनाला और संगरूर समेत आसपास के जिलों में बारिश के बाद पारे में गिरावट आई है, जिससे लोगों को अलसुबह और शाम के वक्त हल्की सिहरन का अहसास होने लगा है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, इस मौसमी बदलाव से पंजाब और राजधानी चंडीगढ़ के तापमान पर असर पड़ा है। हालांकि, मौसम केंद्र चंडीगढ़ की ओर से जारी पूर्वानुमान में साफ कहा गया है कि 25 अक्टूबर से अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहेगा और दिन में हल्की धूप खिलने से लोगों को राहत मिलती रहेगी।
चंडीगढ़ में 31.2 डिग्री दर्ज हुआ पारा, बठिंडा में सबसे ज्यादा गर्मी
पंजाब भर में बीते 24 घंटों के दौरान औसतन अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की हल्की बढ़त देखी गई, जिसके चलते पारा लगभग सामान्य के करीब ही बना हुआ है। शनिवार को बठिंडा 32.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। वहीं, चंडीगढ़ में अधिकतम पारा 31.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग का कहना है कि 28 अक्टूबर तक चंडीगढ़ और आसपास के मैदानी इलाकों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। 27 अक्टूबर तक पंजाब में बारिश की कोई बड़ी गतिविधि होने के आसार नहीं हैं, जिससे त्योहारी सीजन की तैयारियों में लगे लोगों और व्यापारियों को राहत मिलेगी।
दिन में खिली धूप तो रातों में गिरेगा पारा; जानिए अपने शहर का हाल
विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, फतेहगढ़ साहिब, गुरदासपुर, अमृतसर, लुधियाना, मोहाली और पटियाला में दिन का अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं मालवा और पश्चिमी पंजाब के बाकी हिस्सों में दिन का पारा 32 से 34 डिग्री तक जा सकता है, जो सामान्य से मामूली अधिक है।
दूसरी ओर, रातों के तापमान में अब धीरे-धीरे गिरावट देखने को मिलेगी। पठानकोट, अमृतसर, गुरदासपुर और होशियारपुर के कुछ इलाकों में न्यूनतम पारा लुढ़ककर 12 से 14 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है। इसके अलावा नवांशहर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और राज्य के बाकी जिलों में रात का तापमान 14 से 16 डिग्री के बीच रहने का अनुमान जताया गया है। कुल मिलाकर आने वाले दिनों में दिन में सुहावनी धूप और रातों में हल्की ठंड का दौर जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें–Haryana Weather Update: गुरुग्राम में रात का पारा लुढ़ककर 14.6 डिग्री पहुंचा, जानें 28-29 अक्टूबर का हाल

