Ludhiana News: लुधियाना में बेखौफ बदमाशों ने कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए एक ऐसी खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है, जिससे पूरा इलाका दहल उठा है। 40 वर्षीय शक्ति सिंह उर्फ भूरा की उसके ही घर में घुसकर धारदार हथियारों और तलवारों से गोदकर नृशंस हत्या कर दी गई। बदमाशों की दरिंदगी का आलम यह था कि हमले के दौरान भूरा का दायां हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया।
वारदात को अंजाम देने के बाद लहूलुहान हालत में भागे बदमाशों की एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें चार युवक बाइक पर नंगी तलवारें लहराते हुए भागते नजर आ रहे हैं। फुटेज के आधार पर जांच में जुटी लुधियाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी दलबीर सिंह और लखबीर सिंह उर्फ विक्की को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पेशे से कारपेंटर हैं।
घर में घेरकर किया हमला, बीच-बचाव करने आए मकान मालिक को भी पीटा
थाना प्रभारी (SHO) इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ हथियारों से लैस होकर सीधे शक्ति सिंह के घर में दाखिल हुए थे। हमलावरों ने भूरा को कमरे में ही घेर लिया। खुद को बचाने के लिए जब भूरा ने अपना हाथ आगे बढ़ाया, तो हमलावरों ने पूरी ताकत से तलवार से वार कर दिया, जिससे उसका दायां हाथ कटकर दूर जा गिरा।
चीख-पुकार सुनकर जब मकान मालिक उसे बचाने आए, तो आरोपियों ने उनके साथ भी जमकर मारपीट की। इसके बाद हमलावरों की क्रूरता की सारी सीमाएं टूट गईं। उन्होंने घर से ही एक प्लास्टिक की थैली उठाई, उसमें भूरा का कटा हुआ हाथ डाला और वहां से फरार हो गए। अत्यधिक खून बह जाने की वजह से अस्पताल ले जाते समय भूरा ने दम तोड़ दिया।
‘इसे घर पहुंचा देना’… किराना दुकान पर थैली छोड़कर हुए रफूचक्कर
वारदात के बाद बदमाशों ने जो दुस्साहस दिखाया, वह रोंगटे खड़े कर देने वाला है। भूरा का हाथ काटने के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर रेढू साहब गुरुद्वारा की बैकसाइड वाली गली से होते हुए करीब 800 मीटर दूर बसंत नगर और सतगुरु नगर (गली नंबर 9) की नुक्कड़ पर पहुंचे। वहां स्थित एक किराना दुकान के बाहर वे बाइक रोककर खड़े हो गए।
चश्मदीद दुकानदार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि बाइक सवार युवक शराब के नशे में पूरी तरह धुत थे। उन्होंने डरा-धमकाकर कटे हुए हाथ वाली वह प्लास्टिक की थैली दुकानदार के हाथ में थमा दी और सीधे शब्दों में कहा—”इसे उसके घर दे आना।” दहशत के मारे कांप रहे दुकानदार ने थैली पकड़ ली, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से निकल गए।
7 नामजद, मृतक का भी रहा है आपराधिक रिकॉर्ड; पुलिस की छापेमारी जारी
पुलिस तफ्तीश में सामने आया है कि मृतक शक्ति सिंह उर्फ भूरा (पिता चन्नू सिंह) अविवाहित था और कुछ दिन पहले ही जेल से सजा काटकर बाहर आया था। उस पर अलग-अलग थानों में करीब 12 आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, यह हत्याकांड पुरानी रंजिश का नतीजा है और हमलावरों का भी पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड रहा है।
पुलिस ने मामले में 7 आरोपियों—दलवीर, राहुल बेवड़ा, विक्की कारपेंटर, माणा, गगन ढिल्लों, लाडो और मनी बाशा को नामजद कर FIR दर्ज कर ली है। दो आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए SHO जितेंद्र कुमार ने बताया कि बाकी बचे पांचों फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं।
यह भी पढ़ें–Haryana Weather Update: गुरुग्राम में रात का पारा लुढ़ककर 14.6 डिग्री पहुंचा, जानें 28-29 अक्टूबर का हाल

