Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय (KU) के गैर-शिक्षक कर्मचारी संघ में लंबे समय से सुलग रही आंतरिक कलह बुधवार सुबह अचानक ज्वालामुखी बनकर फूट पड़ी। संघ के कार्यालय में मर्यादा और अनुशासन को ताक पर रखकर दोनों विरोधी गुट आपस में भिड़ गए।
बात सिर्फ कहासुनी तक सीमित नहीं रही, बल्कि देखते ही देखते दफ्तर अखाड़े में तब्दील हो गया और पदाधिकारियों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। इस हाई-प्रोफाइल ड्रामे के चलते पूरे विश्वविद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई और काम पूरी तरह ठप हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की पटकथा बुधवार सुबह उस वक्त लिखी गई जब नीलकंठ गुट के सदस्य अचानक संघ कार्यालय आ धमके।
उन्होंने वर्तमान कार्यकारिणी को चुनौती देते हुए सीधे अध्यक्ष की मुख्य कुर्सी पर कब्जा जमा लिया। इसकी भनक लगते ही वर्तमान अध्यक्ष राजवंत कौर अपने भारी समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गईं। अपनी ही कुर्सी पर दूसरे गुट को बैठा देख राजवंत कौर के समर्थक भड़क गए और दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो कुछ ही मिनटों में हिंसक मारपीट में बदल गई।
एक साल की मियाद खत्म होने का दावा, आमने-सामने आए दोनों धड़े
इस पूरे फसाद की जड़ में कर्मचारी संघ के चुनाव और अध्यक्ष पद की समय-सीमा है। दरअसल, नीलकंठ गुट का सीधा आरोप है कि मौजूदा अध्यक्ष और उनकी टीम का एक वर्ष का संवैधानिक कार्यकाल काफी पहले ही पूरा हो चुका है।
इसके बावजूद नई चुनावी प्रक्रिया शुरू करने के बजाय पुरानी टीम जबरन पद पर कुंडली मारकर बैठी है। वहीं दूसरी ओर, राजवंत कौर का गुट खुद को लोकतांत्रिक तरीके से चुना हुआ और वैध पदाधिकारी बताते हुए पद छोड़ने से साफ इनकार कर रहा है। नियमों की इसी अलग-अलग व्याख्या ने दोनों धड़ों को आमने-सामने खड़ा कर दिया।
हंगामे की गंभीरता को देखते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने सूझबूझ से काम लेते हुए उग्र कर्मचारियों को एक-दूसरे से अलग किया और माहौल को शांत कराया।
हालांकि, यूनिवर्सिटी के भीतर इस तरह की अनुशासनहीनता को गंभीरता से लेते हुए पुलिस दोनों ही पक्षों के मुख्य चेहरों और पदाधिकारियों को वैन में बैठाकर पूछताछ के लिए सीधे थाने ले गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और शांति भंग करने के आरोप में आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
यह भी पढ़ें– Sonipat Road Accident: गन्नौर में पंक्चर टायर बदलते समय बड़ा हादसा, दो दोस्तों की मौके पर गई जान

