Kurukshetra Railway Track Incident: कुरुक्षेत्र जिले में शाहाबाद और ढोला माजरा रेलवे स्टेशनों के बीच गुरुवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ट्रैक पर एक अज्ञात छात्र का शव पड़ा देखा गया। अंदेशा जताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से यह खौफनाक हादसा हुआ है। ट्रेन की टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर के शरीर के कई टुकड़े हो गए और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जीआरपी की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षत-विक्षत शव के हिस्सों को जुटाया।
मौके पर मिली स्कूल यूनिफॉर्म और स्कूटी की चाबी, वाहन गायब
घटनास्थल का दृश्य काफी संदिग्ध और हृदयविदारक था। मृतक छात्र के शरीर पर सिर्फ अंडरवियर था, जबकि उसकी स्कूल यूनिफॉर्म (सफेद कमीज और नीली पैंट) पास में ही फेंकी हुई पड़ी मिली। इसके अलावा पुलिस को मौके से एक स्कूटी की चाबी भी बरामद हुई है। हालांकि, हैरान करने वाली बात यह रही कि घटनास्थल के आसपास कहीं कोई स्कूटी खड़ी नहीं मिली, जिससे मामले में रहस्य गहरा गया है। चेहरे पर गंभीर चोटें आने और पहचान योग्य न बचने के कारण पुलिस तत्काल उसकी शिनाख्त नहीं कर सकी।
5 किलोमीटर के दायरे में खंगाला इलाका, पुलिस जुटा रही सुराग
मामले की जांच कर रहीं जीआरपी कुरुक्षेत्र की जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल (HC) अंजू बाला ने बताया कि दोपहर 2 से 3 बजे के बीच स्टेशन मास्टर के जरिए ट्रैक पर शव पड़े होने की खबर मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम किलोमीटर 176/11-13 के पास पहुंची। स्कूटी की चाबी मिलने के बाद जीआरपी ने कुरुक्षेत्र स्थानीय पुलिस के सहयोग से रेलवे ट्रैक और आसपास के करीब 5 किलोमीटर के इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया, लेकिन स्कूटी का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
एलएनजेपी अस्पताल में रखवाया शव, शिनाख्त के प्रयास तेज
मृतक के पास से ऐसा कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे उसके नाम या पते की पुष्टि हो सके। फिलहाल पुलिस आसपास के स्कूलों, गुमशुदगी की दर्ज रिपोर्टों और पास के गांवों में संपर्क साधकर छात्र की पहचान कराने में जुटी हुई है। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी (LNJP) नागरिक अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया है। शुरुआती जांच में इसे ट्रेन दुर्घटना ही माना जा रहा है, लेकिन घटना के परिस्थितियों की हर पहलू से बारीकी से जांच जारी है।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में 9 से 14 अक्टूबर के बीच बारिश के आसार, जानें आपके जिले का हाल

