Ateli Mandi News: अटेली खंड के गांव फतेहपुर में शुक्रवार को रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) तरुण कुमार पावरियां और डीएसपी भारत भूषण ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, जबकि 10 लाभार्थियों को पेंशन के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग की टीमों ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें निशुल्क दवाइयां वितरित कीं। इसके अलावा, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की सांस्कृतिक मंडली ने प्रस्तुतियां देकर लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने मौके पर ही कई समस्याओं का समाधान भी सुनिश्चित किया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए एडीसी तरुण कुमार पावरियां ने कहा कि हरियाणा सरकार का मुख्य उद्देश्य लोगों के घर-द्वार पर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनना और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ते और एक ही छत के नीचे सभी विभागों के अधिकारी उपलब्ध होते हैं। डीएसपी भारत भूषण ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दी जानी चाहिए।
यह भी देखें – सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर आज नारनौल में निकलेगी ‘रन फॉर यूनिटी’, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव होंगी मुख्य अतिथि

