
Narnaul crime जिला पुलिस महेंद्रगढ़ द्वारा गुमशुदा एवं लावारिस बच्चों की तलाश को प्राथमिकता देते हुए त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की तत्परता और तकनीकी सहायता से हाल ही में तीन अलग-अलग मामलों में तीन बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों से मिलवाया गया। इनमें दो नाबालिग बच्चे तथा एक 19 वर्षीय युवक शामिल है।
पहला मामला — स्कूल से घर आने के बाद लापता हुआ बच्चा, महज एक घंटे में बरामद
महिला थाना पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि एक नाबालिग बच्चा स्कूल से करीब दोपहर 2 बजे घर आने के बाद बिना परिजनों को बताए बच्चों के साथ खेलने के लिए बाहर चला गया। काफी समय बीतने के बाद जब बच्चा घर वापस नहीं आया तो परिजनों ने आसपास के क्षेत्र एवं पड़ोस में उसकी तलाश शुरू की। काफी प्रयासों के बावजूद बच्चे का पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज एक घंटे के भीतर बच्चे को जलमहल क्षेत्र, नारनौल से सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद बच्चे को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। अपने बच्चे को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने महेंद्रगढ़ पुलिस की तत्परता एवं संवेदनशीलता की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
दूसरा मामला — रात 11 बजे लावारिस हालत में मिला नाबालिग, 20 घंटे में माता-पिता से मिलाया
दूसरे मामले में डायल-112 की टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान करीब रात 11 बजे एक नाबालिग बच्चा लावारिस हालत में मिला। पुलिस टीम ने बच्चे से उसके माता-पिता एवं घर के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन बच्चा घबराया हुआ था और कुछ भी स्पष्ट नहीं बता पा रहा था।
डायल-112 टीम बच्चे को थाना सदर कनीना लेकर आई। इसके बाद पुलिस ने बच्चे के माता-पिता एवं परिजनों की तलाश शुरू की और विभिन्न माध्यमों से लगातार प्रयास किए। पुलिस की तत्परता से महज 20 घंटे के भीतर बच्चे के माता-पिता का पता लगाकर उसे सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
बच्चे को सुरक्षित वापस पाकर माता-पिता बेहद भावुक एवं प्रसन्न हुए तथा उन्होंने महेंद्रगढ़ पुलिस एवं डायल-112 टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।
तीसरा मामला — 12वीं कक्षा में कम अंक आने से परेशान 19 वर्षीय युवक को चार घंटे में गुरुग्राम से बरामद किया
तीसरे मामले में 19 वर्षीय युवक भव्य 12वीं कक्षा के परिणाम में कम अंक आने के कारण परेशान होकर घर से चला गया था। परिजनों द्वारा तलाश करने के बाद भी युवक का कोई पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों एवं उपलब्ध जानकारी के आधार पर युवक की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए महज चार घंटे में युवक को गुरुग्राम स्थित एक पेट्रोल पंप के पास से सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। युवक के सकुशल वापस मिलने पर परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
महेंद्रगढ़ पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि कोई बच्चा अथवा व्यक्ति घर से बिना बताए चला जाता है या लापता हो जाता है, तो उसकी तलाश में स्वयं समय गंवाने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें। प्रारंभिक समय में सूचना मिलने पर पुलिस तकनीकी एवं अन्य संसाधनों की सहायता से गुमशुदा व्यक्ति की तलाश तेजी से कर सकती है।
