Narnaul: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्य के सभी उपायुक्त के साथ समाधान प्रकोष्ठ की समीक्षा बैठक ली। बैठक के बाद उपायुक्त अनुपमा अंजली ने महेंद्रगढ़ जिले की स्थिति की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 8 अक्तूबर 2024 से 8 अक्तूबर 2026 तक जिले में समाधान प्रकोष्ठ के तहत कुल 4771 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 3090 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है, जो कुल शिकायतों का लगभग 65 प्रतिशत है।
निस्तारित शिकायतों में से 2214 मामलों में सीएम कार्यालय की कन्फर्मेशन सेल ने शिकायतकर्ता से संपर्क कर समाधान की पुष्टि ली है। इसके बाद ही इन्हें पोर्टल पर संग्रहित किया गया।
उपायुक्त ने यह भी बताया कि जिले में लंबित एवं पुनः खोली गई शिकायतें 197 हैं, जो कुल शिकायतों का करीब 4 प्रतिशत है।
उपायुक्त अनुपमा अंजली ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निपटारा केवल पोर्टल पर नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर होना चाहिए। समाधान शिविर सरकार का फ्लैगशिप कार्यक्रमों में से एक है। ऐसे में शिकायतकर्ता को समाधान की जानकारी दी जाए और उसकी संतुष्टि का भी ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जो शिकायतें अभी लंबित हैं, उन पर प्राथमिकता से कार्रवाई कर रिपोर्ट समय पर भेजी जाए। साथ ही शिविरों में अधिकारी स्वयं उपस्थित रहें और लोगों की बात ध्यान से सुनें।
उन्होंने बताया कि समाधान शिविर हर सोमवार और गुरुवार को प्रत्येक उपमंडल पर सुबह 10 से 12 बजे तक लगाए जाते हैं। लोग अपनी समस्याएं शिविर में आकर सीधे अधिकारियों के सामने रख सकते हैं।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक दीपक तथा अतिरिक्त उपायुक्त तरुण कुमार पावरिया के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

