Narnaul: महर्षि च्यवन ऋषि मेडिकल कॉलेज कोरियावास में हेलीपैड बनाने की घोषणा
Narnaul: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में मनाए जा रहे ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत वीरवार को महेंद्रगढ़ जिले के नागरिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा संकल्प के रूप में मनाया। जिले में बूथ स्तर तक दीप प्रज्वलित कर उत्सव मनाया गया।
जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम महर्षि च्यवन राजकीय मेडिकल कॉलेज के सभागार में आयोजित हुआ, हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और इस अवसर को प्रधानमंत्री के नेतृत्व और सेवा भाव को समर्पित बताया।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री ने कहा कि यह अवसर राष्ट्र निर्माण में सेवा का संकल्प लेने का है। देश के प्रत्येक नागरिकों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से सीख लेने चाहिए तथा राष्ट्र के प्रति अपने आप को समर्पित रखना चाहिए।
प्रशासन की ओर से किए सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत जिला में केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के घरों तक अधिकारियों की टीमें पहुंचीं और वहां दीये जलाए गए। इस पूरे आयोजन में दीपों को घर-घर और सार्वजनिक स्थलों पर प्रज्वलित करने में स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवकों और सामाजिक संगठनों का सहयोग रहा।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के निदेशक द्वारा कॉलेज परिसर में हेलीपैड बनाने की मांग माननीय मंत्री जी के समक्ष रखी गई। जिला प्रशासन की मौजूदगी में नागरिक उड्डयन मंत्री विपुल गोयल जी ने मांग पर सहमति जताते हुए जनहित में च्यवन ऋषि मेडिकल कॉलेज में हेलीपैड बनाने की घोषणा की।
इस अवसर पर नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव, पूर्व मंत्री डॉ अभय सिंह यादव, उपायुक्त अनुपमा अंजली, पुलिस अधीक्षक दीपक, बीजेपी के जिला अध्यक्ष डॉ यतेंद्र राव, नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी, तथा महर्षि च्यवन राजकीय मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ बृजेंद्र सिंह ढिल्लों, पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, पूर्व अध्यक्ष जेपी सैनी, गोपालसरण गर्ग के अलावा अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।
25 बड़ी विकास परियोजनाओं पर भी जगमगाए आशीर्वाद के दीप
कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि जिला महेंद्रगढ़ में बीते लगभग 12 वर्षों में जिन 25 बड़ी परियोजनाओं का सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अथवा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वयं उद्घाटन या शिलान्यास किया था, उन सभी स्थलों पर संबंधित विभागों ने विशेष रूप से आशीर्वाद का दीया प्रज्वलित किया। संबंधित विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में इन परियोजना स्थलों पर दीप जलाकर विकास कार्यों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई, साथ ही इन स्थलों को आकर्षक रोशनी से भी सजाया गया, जिससे जिले में विकास और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिला।
रोशनी से जगमगाए सभी धार्मिक स्थल
इसके साथ ही जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों को भी विशेष रूप से चिन्हित कर वहां रोशनी और दीप प्रज्वलन की व्यवस्था की गई। इसके अलावा जिले के अमृत सरोवरों पर भी आशीर्वाद का दीया प्रज्वलित किया गया।
