Narnaul Crime News: सदर थाना अंतर्गत गांव भूषण खुर्द में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। मकान मालिक नीमराना में परचून की दुकान चलाते हैं और परिवार के अन्य सदस्य गुरुग्राम में कार्यरत हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता अनिल कुमार ने पुलिस को दी गई जानकारी में बताया कि वह नीमराना में परचून की दुकान चलाते हैं, जबकि उनके बच्चे गुरुग्राम में नौकरी करते हैं। उनके घर में 13 अक्टूबर को एक पारिवारिक कार्यक्रम था, जिसके बाद 15 अक्टूबर को वह मकान को ताला लगाकर गए थे। जब वह 25 अक्टूबर को वापस लौटे, तो उन्हें चोरी की इस घटना का पता चला।
चोर घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी के अलावा रसोई में रखा गैस सिलेंडर और संदूक भी उठा ले गए। मकान मालिक के अनुसार, चोरी हुए सामान में चांदी के कंगन, दो जोड़ी कानों की बालियां, पाजेब, सोने की नोजपिन और 10,000 रुपए नकद शामिल हैं। चोरी हुए कुल आभूषणों की कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना नारनौल की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मकान में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग में दो संदिग्ध नजर आए हैं, जिनकी पहचान के लिए फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत मुकदमा नंबर 228 दर्ज कर लिया है और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट तथा साइबर सेल की सहायता से आगे की कार्रवाई जारी है।

