Narnaul: 35 दिन बाद भी नहीं टूटी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, नोटिस के बावजूद ड्यूटी से दूर

Narnaul/Ateli:
नगर पालिका, अटेली मंडी में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल 35 दिन बीत जाने के बाद भी जारी है। प्रशासन द्वारा कारण बताओ नोटिस दिए जाने के बावजूद हड़ताल टूटने का नाम नहीं ले रही। हड़ताली कर्मचारी पूरी तरह एकजुट नजर आ रहे हैं और दिन-प्रतिदिन उन्हें किसी न किसी राजनीतिक दल का समर्थन भी मिलता जा रहा है। हड़ताल अब ऐसी स्थिति में पहुंच चुकी है कि मांगें माने बिना कर्मचारी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।
नगर पालिका प्रशासन द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि सफाई कर्मचारी 6 अगस्त 2026 से बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के लगातार ड्यूटी से अनुपस्थित हैं और हड़ताल में शामिल हैं, जिससे सफाई व्यवस्था बाधित होने के साथ शहर में बीमारी फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। नोटिस में पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला देते हुए स्पष्ट किया गया है कि सफाई सुनिश्चित करने के लिए कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। सरकार ने बृहस्पतिवार शाम 5 बजे तक ड्यूटी पर लौटने की समय-सीमा तय की है, अन्यथा सेवाएं समाप्त करने की चेतावनी दी गई है।
जब प्रशासन यह नोटिस देने धरना स्थल पर पहुंचा तो कर्मचारियों ने नोटिस लेने से इनकार कर दिया। प्रशासन ने वहीं मौके पर समझाइश देते हुए कहा कि कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर वापस लौट आएं, अन्यथा कार्रवाई के लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे और नौकरी तक जा सकती है।
वहीं सफाई कर्मचारी ब्लॉक प्रधान मनीष कुमार ने कहा कि वे अपनी जायज मांगें मनवाकर ही रहेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार तुरंत मांगों का समाधान करे, अन्यथा हड़ताल आगे भी जारी रहेगी और जब तक मांगें पूरी नहीं होती, सफाई कर्मचारी धरना नहीं उठाएंगे।
दूसरी ओर शहरवासी सफाई न होने से लगे कूड़े के ढेरों से परेशान नजर आ रहे हैं। कुछ लोग स्वयं अपने आसपास सफाई कर काम चला रहे हैं। यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो शहर में हालात और विकट हो सकते हैं।
