Narnaul News: नारनौल में दैनिक रेल यात्री एवं जन कल्याण संघ ने मदार–रोहतक एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 09639/09640) की समय-सारणी में व्यावहारिक बदलाव करने की जोरदार मांग उठाई है।
संघ ने नारनौल रेलवे स्टेशन अधीक्षक के माध्यम से अजमेर और जयपुर मंडल के रेल अधिकारियों को ज्ञापन भेजकर ट्रेन को नारनौल से सुबह 8:30 बजे रवाना करने और रेवाड़ी सुबह 9:30 बजे तक पहुँचाने की अपील की है।

संघ का तर्क है कि मौजूदा समय-सारणी के कारण सुबह के समय ट्रेन में यात्रियों की संख्या कम रहती है। यदि समय में बदलाव किया जाए, तो नारनौल, अटेली और आसपास के क्षेत्रों से रेवाड़ी आने-जाने वाले नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
इससे न केवल रेल सेवा का बेहतर उपयोग होगा, बल्कि रेलवे की आय में भी इजाफा होगा। साथ ही, इससे अजमेर जनशताब्दी जैसी आरक्षित गाड़ियों पर अनारक्षित यात्रियों का दबाव भी कम हो सकेगा।
यह मांग 8 जनवरी 2025 से लगातार उठाई जा रही है। ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के अध्यक्ष गणेश शर्मा ‘रेल मित्र’, उपाध्यक्ष पूनम चंद फौजदार, कोषाध्यक्ष हितेंद्र अग्रवाल, संजय शर्मा पटीकरा, एडवोकेट अमन जैन सहित कई अन्य सदस्य मौजूद रहे। संघ ने रेलवे प्रशासन से यात्री भार और परिचालन की व्यवहार्यता का आकलन कर इस पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है।
यह भी देखें – नारनौल में विनोद सैनी आत्महत्या मामला, परिजनों ने थाने के बाहर किया प्रदर्शन, पुलिस ने निष्पक्ष जांच का दिया आश्वासन

