Narnaul News: समाजसेवा का असली उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाना है। इसी सोच के साथ शहर के मोहल्ला सराय ढ़ुसरान में विजय हॉस्पिटल, युवा साथी ग्रुप हरियाणा और उड़ान जनसेवा ट्रस्ट ढाणी बाठोठा की ओर से विशाल निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में 286 नागरिकों ने अपनी आंखों की जांच करवाई। डॉक्टरों की सलाह पर 144 लोगों को निशुल्क चश्मे वितरित किए गए, जबकि 257 लोगों को निशुल्क दवाइयां भी दी गईं।
शिविर का शुभारंभ नगर परिषद चेयरपर्सन कमलेश सैनी ने किया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना समाज के लिए सराहनीय कार्य है। इस तरह के शिविरों से उन लोगों को भी इलाज और जांच की सुविधा मिलती है जो आर्थिक कारणों से समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाते।
संस्था के सदस्य पीयूष सैनी ने कहा कि समाजसेवा केवल किसी एक दिन का काम नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों के लिए लगातार प्रयास करने का नाम है। आंखें हमारे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है लेकिन कई बार लोग छोटी छोटी समस्याओं को नजरअंदाज कर देते है। समय पर जांच होने से आंखों से जुड़ी परेशानियों का पता लगाया जा सकता है।
पवन सैनी ने कहा कि संस्थाओं का उद्देश्य केवल शिविर लगाना नहीं, बल्कि लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। कई जरूरतमंद लोग पैसों की कमी के कारण आंखों की जांच और चश्मा नहीं बनवा पाते। ऐसे में निशुल्क शिविर उनके लिए मददगार साबित होते है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी युवा साथी ग्रुप हरियाणा और उड़ान जनसेवा ट्रस्ट इसी तरह जनहित के कार्यों में अपनी भागीदारी निभाते रहेंगे। शिविर में रतनलाल सैनी, रोहताश सैनी, सुनील सैनी, गोपाल, चिंटू सैनी, सन्नी सैनी, मनोज सैनी, विश्वास सैनी, दीपक सैनी, विशाल सैनी, योगेश सैनी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
यह भी देखें – पंचकूला में जनप्रतिनिधि सम्मेलन छोड़ निकले भूपेंद्र हुड्डा, होर्डिंग्स पर फोटो न होने से भड़के

