Narnaul News: नारनौल पुलिस विभाग में प्रमोशन, पूर्व पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार बने इंस्पेक्टर, SP ने लगाए स्टार
नारनौल पुलिस विभाग में प्रमोशन, पूर्व पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार बने इंस्पेक्टर
Narnaul News: धर्मनारायण शर्मा, नारनौल। पुलिस विभाग में अधिकारियों और कर्मचारियों के कठोर परिश्रम, निष्ठा और सेवा भावना को रेखांकित करते हुए नारनौल में पदोन्नति समारोह का आयोजन किया गया। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक सादे कार्यक्रम के दौरान उपनिरीक्षक पद से पदोन्नत होकर निरीक्षक बने नरेश कुमार को एसपी दीपक कुमार ने खुद कंधे पर स्टार लगाकर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पुलिस कप्तान ने उनके उज्ज्वल भविष्य और बेहतर कार्यशैली की कामना की।
पदोन्नति केवल सम्मान नहीं, सेवा और जिम्मेदारी का नया अध्याय: एसपी
समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने कहा कि पदोन्नति किसी भी पुलिसकर्मी के जीवन में गर्व और सम्मान का क्षण होता है। हालांकि, पद में वृद्धि के साथ-साथ कार्यक्षेत्र और समाज के प्रति जवाबदेही भी कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने नवनियुक्त निरीक्षक नरेश कुमार को महकमे की गरिमा बनाए रखने का पाठ पढ़ाते हुए निर्देश दिए कि वे आमजन की समस्याओं के निस्तारण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में अपनी पूरी ऊर्जा लगाएं।
अभय सिंह और ओमवीर को भी मिली पदोन्नति की बधाई
कार्यक्रम के दौरान एसपी दीपक कुमार ने पदोन्नत हुए उपनिरीक्षक अभय सिंह और हेड कांस्टेबल ओमवीर को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की असली ताकत उसके जवानों का समर्पण और अनुशासन है। सभी जवानों को अपनी नई भूमिकाओं में जनता का भरोसा कायम रखने के लिए ईमानदारी और निष्ठा से काम करना होगा।
महेंद्रगढ़ में प्रभावी पुलिस प्रवक्ता रह चुके हैं नरेश कुमार
उल्लेखनीय है कि इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नत हुए नरेश कुमार जिला महेंद्रगढ़ में लंबे समय तक पुलिस प्रवक्ता (Police PRO) की अहम जिम्मेदारी निभा चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने पुलिस महकमे की उपलब्धियों, अपराध नियंत्रण की जानकारियों और ट्रैफिक एडवाइजरी को मीडिया व आम जनता तक समय पर पहुंचाने में काफी सराहनीय भूमिका निभाई थी।
यह भी पढ़ें– महेंद्रगढ़ को मिली बड़ी सौगात, शहर में शुरू हुई सिटी बस सेवा, सिर्फ 5 रुपये में कर सकेंगे सफर
