Narnaul News: नारनौल शहर में हनीट्रैप और फिरौती का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक व्यापारी के बड़े भाई को दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने वाली एक महिला और उसके दो साथियों को शहर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अहम सबूत (ऑडियो रिकॉर्डिंग) भी बरामद किए हैं। अदालत में पेश करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया है।
शहर नारनौल थाना पुलिस को दी गई शिकायत में शिकायतकर्ता व्यापारी ने बताया कि उनके बड़े भाई के खिलाफ एक महिला ने दुष्कर्म का झूठा केस दर्ज करवाया था। इसके बाद आरोपी महिला और उसके दो साथियों ने परिवार को मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
आरोप है कि आरोपियों ने भाई को केस से बाहर निकालने और समझौता करने की एवज में पहले एक करोड़ रुपये की मांग की। इसके बाद रकम को घटाकर 75 लाख, 50 लाख और अंततः 30 लाख रुपये तक लाने का दबाव बनाया गया।
पीड़ित व्यापारी ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपियों के साथ फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग अपने पास सुरक्षित रख ली थी। बातचीत के दौरान आरोपियों द्वारा अलग-अलग किस्तों में बड़ी रकम मांगे जाने और पैसे मिलने पर शिकायत वापस लेने का झांसा देने की पूरी बातचीत रिकॉर्ड हो गई थी। पीड़ित ने यह ऑडियो रिकॉर्डिंग पेन ड्राइव में डालकर पुलिस को सौंपी।
जांच अधिकारी गुणपाल ने बताया कि पीड़ित व्यापारी ने 27 अक्टूबर को शहर थाने में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के साथ पेश की गई ऑडियो रिकॉर्डिंग को पुलिस ने गंभीरता से सुना, जिसमें फिरौती मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(6) (जबरन वसूली/रंगदारी) और 61(2) (आपराधिक षड्यंत्र) के तहत मामला दर्ज किया।
पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महिला और उसके दोनों सहयोगियों (जिनमें से एक पटौदी और दूसरा गुरुग्राम का रहने वाला है) को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस पूरे गिरोह के अन्य संपर्कों और आपराधिक पृष्ठभूमि की गहनता से जांच की जा रही है।
यह भी देखें – मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए 98 हजार रुपये, सस्ते रिचार्ज का विज्ञापन बना जी का जंजाल, पुलिस जांच में जुटी

